रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला 3 अप्रैल: उपायुक्त एवं मुख्य जिला जनगणना अधिकारी श्री सतपाल शर्मा जिला में जनगणना कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज एसडीएम कालका के कार्यालय में जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसडीएम कालका श्री संयम गर्ग, नगराधीश एवं अतिरिक्त मुख्य जिला जनगणना अधिकारी सुश्री जागृति भी उपस्थित रहीं।
उपायुक्त ने नगर परिषद कालका क्षेत्र में जनगणना कार्य की धीमी गति पर संज्ञान लेते हुए एसडीओ श्री दीपक सुखीजा को चार्ज अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कालका नगर परिषद क्षेत्र में जनगणना कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें और अपना योगदान दें। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार जनगणना में पहली बार डिजिटल उपकरणों का उपयोग किया जाएगा, इसलिए सभी अधिकारी तकनीकी पहलुओं की जानकारी गंभीरता से ग्रहण करें।
जिला सांख्यिकी अधिकारी एवं पंचकूला में जनगणना के ओवरऑल इंचार्ज श्री सुनील जाखड़ ने जनगणना कार्य की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपायुक्त को अवगत कराया कि सुपरवाइजर और प्रगणना प्रेक्षकों का प्रशिक्षण 6 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा, जिसमें चार्ज अधिकारियों द्वारा 50-50 के बैच में जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया की जिला में कुल 582 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक हैं, जिनमें पंचकूला में 136, रायपुररानी में 97, कालका में 137 और नगर परिषद कालका में 212 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक शामिल हैं। इसके लिए 587 एन्यूमेरेटर और 99 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
इस अवसर पर जिला जनगणना समन्वयक मधु यादव, नगर निगम पंचकूला के कार्यकारी अभियंता प्रमोद कुमार, नगर परिषद कालका के एसडीओ दीपक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
