रोमी सिंह /रमोला न्यूज़
पंचकूला: हरियाणा के आर्थिक एवं सांख्यिकीय कार्य विभाग द्वारा लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, सैक्टर-1, में सांख्यिकीय सुदृढ़िकरण सहायता उप-योजना के अन्तर्गत क्षमता विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘‘आंकड़ों पर आधारित और प्रभावी शासन के लिए मानव संसाधनों को सुदृढ़ बनाना‘‘था। इस प्रशिक्षण में हरियाणा के आर्थिक एवं सांख्यिकीय कार्य विभाग के 30 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों की व्यवसायिक क्षमताओं, प्रशासनिक दक्षता और कौशल विकास को बढ़ाना था, ताकि शासन में आंकड़ों और प्रौद्योगिकी का बेहतर उपयोग किया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ आर्थिक एवं सांख्यिकीय कार्य विभाग के निदेशक श्री मनोज कुमार गोयल के स्वागत भाषण से हुआ, जिसके बाद हरियाणा सरकार के वित्त एवं योजना विभाग के विशेष सचिव डाॅ0 जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने उद्घाटन भाषण दिया। उन्होंने सरकारी विभागों में नीति निर्माण, निगरानी और निर्णय लेने की प्रक्रिया में डेटा एनालिटिक्स के प्रभावी उपयोग और एआई का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग पर प्रकाश डाला।
पहले सत्र में ‘‘साॅफ्ट स्किल्स डेवल्पमैंट लीडरशिप क्वालिटी, कम्युनिकेशन स्किल्स और पर्सनैलिटी डेवल्पमैंट‘‘ के विषय पर शिक्षाविद और प्रेरक वक्ता सुश्री प्रियंका पुनिया द्वारा अपना व्याख्यान दिया गया। इस सत्र में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संचार और भावनात्मक बुद्धिमता के विषय पर ध्यान केन्द्रित किया गया, जो कुशल सार्वजनिक सेवा वितरण और व्यावसायिक विकास के लिए आवश्यक है।
दूसरे सत्र में श्री वीके धमिजा, सेवानिवृत मुख्य लेखा अधिकारी द्वारा सेवा मामलों पर अपना व्याख्यान दिया गया। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों से सम्बन्धित महत्वपूर्ण सेवा नियमों, प्रक्रियाओं और प्रशासनिक प्रथाओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। इस सत्र में प्रतिभागियों को सेवा सम्बन्धी मामलों और दैनिक प्रशासनिक कार्यों में उनके व्यवहारिक अनुप्रयोग को समझने में सहायता मिली।
‘‘डिजिटल सहायक त्वरित प्रशासन के लिए जनरेटिव एआई का उपयोग‘‘ शीर्षक से एक तकनीकी सत्र डाॅ रूदिता गोयल, युवा पेशेवर, डीईएसए द्वारा संचालित किया गया। इस सत्र में प्रतिभागियों को प्रशासनिक कार्यों में जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटैलिजैंस उपकरणों के उपयोग से परिचित कराया गया।
