खेड़ावाली नर्सिंग कॉलेज में दाखिले की प्रतीक्षा कर रहे छात्र दूर दराज के कॉलेज में दाखिला लेने को मजबूर
कालका 24 मार्च
शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव विजय बंसल एडवोकेट में वर्तमान बीजेपी सरकार पर कालका क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कालका- पिंजौर शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कालका के साथ लगते गांव खेड़ा वाली में सरकार द्वारा बनाए गए जीएनएम- एएनएम नर्सिंग कॉलेज भवन का उद्घाटन हुए 5 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक यहां नर्सिंग कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। बीजेपी सरकार द्वारा बिना किसी योजना के वाहवाही लूटने के लिए भवन का उद्घाटन कर देने की ऐसी स्थिति से छात्रों और अभिभावकों में अब निराशा बढ़ती जा रही है।
विजय बंसल ने कहा कि एक तो भवन निर्माण में कई वर्षों की देरी कर दी गई अब उसे आरंभ नहीं किया जा रहा उन्होंने बताया कि उद्घाटन के समय सरकार एवं प्रशासन ने दावा किया था कि जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसके लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन, प्रयोगशालाएं और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी दिखाई गई थी। हालांकि समय बीतने के बावजूद न तो नर्सिंग कॉलेज के शिक्षकों की नियुक्ति कि गईं है और न ही पाठ्यक्रम संचालन को लेकर कोई ठोस कदम उठाया गया है।
विजय बंसल ने कहा कि अब तो स्थानीय लोग भी कहने लगे है कि यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं के लिए बेहतर करियर के अवसर प्रदान कर सकती थी लेकिन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक लापरवाही के कारण छात्रों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई छात्रों ने दूर दराज के अन्य संस्थानों में दाखिला लेने का निर्णय भी ले लिया है।
विजय बंसल ने बताया कि पिछले लगभग 6 वर्षों से कालका विधानसभा क्षेत्र के पिंजौर ब्लॉक के गांव खेड़ा वाली में निर्माण अधीन एएनएम और जीएनएम नर्सिंग कॉलेज का बिना किसी योजना के गत 5 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से आनन फानन में उद्घाटन करवा दिया गया। जबकि विभाग को खुद पता नहीं है कि नर्सिंग कॉलेज में कक्षाएं कब आरंभ होगी और कॉलेज निर्माण के लिए निशुल्क जमीन देने वाली पंचायत के स्थानीय छात्रों को आरक्षण देने का प्रावधान भी है या नहीं। विजय बंसल ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से आरटीआई एक्ट 2005 के तहत हेल्थ विभाग के महानिदेशक से नर्सिंग कॉलेज संबंधी जानकारी मांगी थी। जिसमें खुलासा हुआ कि वास्तव में विभाग को नर्सिंग कक्षाएं आरंभ करने के विषय में कोई जानकारी ही नहीं है। इसी विषय पर विजय बंसल एडवोकेट ने गत अक्टूबर माह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को ज्ञापन भेज कर खेड़ा वाली नर्सिंग कॉलेज में जल्द कक्षाएं आरंभ करने और स्थानीय पंचायत के छात्रों को नर्सिंग कॉलेज में 5 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की थी। विजय बंसल ने बताया कि स्वास्थ्य महानिदेशालय ने केवल इतनी ही जानकारी दी है कि सरकार द्वारा बीएससी नर्सिंग कॉलेज कोर्स के लिए फिलहाल 60 सीटों के लिए एनओसी दी है। उन्होंने बताया कि विभाग ने यह भी जानकारी नहीं दी है की कक्षाएं कब आरंभ होगी और नर्सिंग कॉलेज भवन निर्माण में कुल कितनी लागत आई है। जब कि कालका क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के लोगों को यह जानने का हक है कि आखिर कक्षाएं कब आरंभ होगी और स्थानीय पंचायत को नर्सिंग दाखिले में कितना आरक्षण दिया जाएगा।
विजय बंसल एडवोकेट ने हरियाणा राज्य की बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि लगभग 40 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया। नर्सिंग कॉलेज भवन में पहले से ही कोई योजना नहीं बनाई गई है जबकि कोई भी शिक्षण या तकनीकी संस्थान खोलने से पूर्व उसकी गेस्ट कक्षाएं आरंभ हो जाती हैं। लेकिन पिछले लगभग 7 वर्षों के दौरान इस मामले में स्वास्थ्य विभाग और हरियाणा सरकार ने कोई योजना नहीं बना पाई। जो भाजपा सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की अपरिपक्वता को दर्शाता है।
विजय बंसल ने बताया कि लगभग 2 एकड़ – भूमि पर 1.23 लाख स्क्वायर फीट में इस भवन का निर्माण किया गया है। विजय बंसल एडवोकेट ने कहा कि सरकार की गैर योजना बद्ध तरीके से बनाई गई गलत नीतियों के कारण ही आज तक कालका क्षेत्र में कोई भी नर्सिंग कॉलेज नहीं खुला था जो खुला है वह भी छात्रों के बिना खाली पड़ा है। जिसकी वजह से विशेष कर छात्राओं को दूर दराज के प्राइवेट या अन्य राज्यों के नर्सिंग कॉलेज में जाना पड़ रहा है। विजय बंसल एडवोकेट ने इसी मौजूदा सत्र से कक्षाएं आरंभ करने और स्थानीय छात्रों को पिंजौर ब्लॉक के गांव बीटना आईटीआई और नानकपुर स्थित पॉलिटेक्निक में तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा स्थानीय छात्रों को दिए गए आरक्षण की तर्ज पर खेड़ा वाली नर्सिंग कॉलेज में भी आरक्षण देने की मांग की है।

