व्यक्तित्व विकास से लेकर आपदा प्रबंधन तक एनएसएस शिविर का पांचवां दिन रहा विशेष*

 

*अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया पर विशेष प्रशिक्षण का भी आयोजन*

पंचकूला 24 मार्च : सेक्टर-1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज सेक्टर -1 में चल रहे सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का पांचवां दिन उत्साह, अनुशासन एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह शिविर प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा के कुशल नेतृत्व तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय एवं कृति मलिक के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक अंकुश और कोमल ठाकुर द्वारा प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया।

दिन का शुभारंभ स्वच्छता एवं व्यक्तित्व विकास पर आधारित कार्यशाला से हुआ, जिसमें स्वयंसेवकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साज-सज्जा एवं आत्मविश्वास के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यशाला के माध्यम से उन्हें अपने व्यक्तित्व को निखारने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त हुई।

कैंप में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयंसेवकों की भूमिका पर हरियाणा होम गार्ड के कंपनी कमांडर सुनील कुमार द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को अग्नि सुरक्षा के सिद्धांत, आग की पहचान, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और मानव सेवा की भावना के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में शांत रहकर, सही उपकरण और तकनीक का उपयोग कर सुरक्षित ढंग से स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है। सत्र के दौरान स्वयंसेवकों को विभिन्न प्रकार के अग्नि निरोधक यंत्रों के प्रयोग का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया।

दोपहर को रोड सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन के सहयोग से सड़क सुरक्षा विषय पर हरियाणा ट्रैफिक पुलिस के जवान रोशन लाल द्वारा विशेष व्याख्यान दिया गया। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों यातायात नियमों के पालन एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

कैंप में सभी स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वक्ताओं से संवाद किया एवं अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

 

*****

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *