खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को मिलेगा प्रोत्साहन, स्थानीय लोगों ने जताया उत्साह
पंचकूला। शहर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेक्टर-4 स्थित कृष्ण पार्क (हाउस नंबर 609,534 के सामने) सिंथेटिक बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने विधिवत नींव पत्थर रखकर सिंथेटिक बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन एवं निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस मौके पर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय निवासियों ने इसे क्षेत्र के युवाओं, बच्चों और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात बताया। लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर खेल सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब यह नया सिंथेटिक बैडमिंटन कोर्ट पूरा करेगा। लोगों का मानना है कि इस पहल से न केवल बच्चों और युवाओं को खेल के लिए बेहतर मंच मिलेगा, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान तरुण भंडारी ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्कों और सार्वजनिक स्थलों में इस प्रकार की खेल सुविधाओं का विकास समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करता है। इससे युवा मोबाइल और अन्य व्यर्थ गतिविधियों से दूर रहकर खेलों की ओर आकर्षित होंगे। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन जैसे खेल शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन, एकाग्रता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी विकसित करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देना केवल सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भविष्य की प्रतिभाओं को तैयार करने का माध्यम भी है। यदि स्थानीय स्तर पर बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाए तो छोटे-छोटे मोहल्लों और सेक्टरों से भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।
इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोशन लाल गोयल, नीरज शारदा, विनीत जैन, रूपाली जैन, अभि जैन, चंदन कोहली, जतिन गोयल, अमित गर्ग, दीपक शर्मा, डॉ. किशोर, भसीन जी तथा चौधरी जी सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्यों से क्षेत्र की पहचान और बेहतर होगी तथा लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।


