हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने परिवार सहित किए माता मनसा देवी के दर्शन, लिया आशीर्वाद*

 

*हवन-यज्ञ में आहुति देकर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना*

*नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं पर श्राइन बोर्ड की सराहना*

पंचकूला, 25 मार्च : हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने आज परिवार सहित चैत्र नवरात्र के सातवें दिन पंचकूला स्थित ऐतिहासिक माता मनसा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर महामाई का आशीर्वाद लिया।

इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुति अर्पित की। इससे पूर्व उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर उन्हें माता मनसा देवी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि उन्होंने माता मनसा देवी के चरणों में नतमस्तक होकर देश और प्रदेश के लोगों के सुखमय एवं शांतिपूर्ण जीवन के लिए प्रार्थना की। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने मानव जीवन की सुरक्षा और विश्व में अमन-शांति बनाए रखने की भी कामना की।

श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के 2.85 करोड़ लोगों की सेवा करने की जो जिम्मेदारी मिली है, उसका वह पूरी निष्ठा और लगन के साथ निर्वहन कर सकें, इसके लिए भी उन्होंने मां से प्रार्थना की।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं को लेकर माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड और जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और सनातन संस्कृति को जीवंत बनाए रखने हेतु की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं।

इस अवसर पर माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की ओर से मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी को माता मनसा देवी का चित्र सम्मान स्वरूप भेंट किया गया

 

*****

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *