पंचकूला 28 मार्च : नगर निगम पंचकूला द्वारा आज आयुक्त श्री विनय कुमार के निर्देशानुसार सभी सुपरवाइजरों एवं एएसआई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आगामी निरीक्षण एवं स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी सुपरवाइजर अपने-अपने वॉर्ड के अंतर्गत आने वाले सभी सेक्टरों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार द्वारा प्रस्तावित निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक सेक्टर में सफाई व्यवस्था पूर्ण रूप से दुरुस्त रखी जाए।
सभी सुपरवाइजरों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया तथा यह निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के लिए बीट-वाइज रोस्टर (रूट चार्ट) तैयार करें। यदि किसी गली की प्रतिदिन सफाई संभव न हो, तो यह सुनिश्चित किया जाए कि अगले दिन उस गली की सफाई अनिवार्य रूप से हो। इस रोस्टर की जानकारी संबंधित आरडब्ल्यूए (RWA) एवं सेक्टर निवासियों को भी दी जाए।
एएसआई अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे सभी सफाई कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में रखें। जिन कर्मचारियों को फ्लोरोसेंट जैकेट की आवश्यकता हो, उन्हें स्टोर से उपलब्ध करवाई जाए, ताकि निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी पूर्ण वर्दी में उपस्थित रहें और किसी प्रकार की कमी न रहे।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स) को पूर्ण रूप से समाप्त किया जाए तथा जहां ऐसे बिंदु पहले से बंद किए जा चुके हैं, उनका प्रतिदिन निरीक्षण कर पुनः कचरा एकत्रित न होने दिया जाए। खुले में कचरा डालने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
यदि कोई व्यक्ति घरों से हॉर्टिकल्चर वेस्ट या अन्य कचरा खुले में डालता हुआ पाया जाता है, तो संबंधित सुपरवाइजर द्वारा नोटिस जारी किया जाए तथा एएसआई द्वारा हरियाणा नगर निगम अधिनियम की धारा 309 के अंतर्गत चालान काटना सुनिश्चित किया जाए।
यह बैठक शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जीवीपी मुक्त बनाने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
-******
