प्रीति कंबोज /रमोला न्यूज़
गोहाना, 30 मार्च। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गोहाना विधानसभा धन्यवाद एवं विकास रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तकरीबन एक हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की घोषणाएं, उद्घाटन एवं शिलान्यास करते हुए नए गोहाना की कल्पना को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाएं है, इन घोषणाओं को पूरा करने के लिए इलाकेवासियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा और योजनाओं की निगरानी की जाएगी।
सोमवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सिंचाई विश्राम गृह, गोहाना में गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, उनकी धर्मपत्नी डॉ रीटा शर्मा, मण्डल अध्यक्ष प्रवीण खुराना के साथ पत्रकार वार्ता की। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 113 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास किए गए, जबकि 41 घोषणाएं की, जिनकी अनुमानित लागत 650 करोड़ रुपए है और 12 विकास परियोजनाएं ऐसी हैं, जिनकी अनुमानित लागत 200 करोड़ रुपए तक रहेगी। ऐसे में गोहाना विधानसभा के लिए एक हजार करोड़ रुपए की सौगात मिली है, जिससे इलाके की जनता गदगद है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमन्त्री नायब सिंह सैनी ने परिसीमन, एसाईआर उपरांत खानपुर कलां को उपतहसील से तहसील, बरोदा व फरमाणा को उपतहसील का दर्जा देने की घोषणा की है, जिससे गोहाना को जिला बनाने में 2 उपमंडल की तकनीकी अड़चन दूर जाएगी। सरकार की गोहाना को जिला बनाने की नीयत स्पष्ट है। उन्होंने पश्चिमी बाईपास बनाने में 50 प्रतिशत किसान भाई ई भूमि पोर्टल पर सहमति दे चुके हैं। अब हम भी प्रशासन, किसान संगठनों और भाईचारे के सहयोग से इसे सिरे चढ़ाएंगे।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इलाके की बड़ी-छोटी मांगों को बड़ा दिल दिखाते हुए पूरा करने का काम किया है। गोहाना शहर में जाम की समस्या और पार्किंग की समस्या के निजात के लिए शहर में पीपीपी मोड पर मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थापित की जाएगी, वहीं मदन लाल धींगड़ा स्टेडियम से बाबा मछन्दर पुरी महाराज डेरा मार्ग तक पुल व पानीपत चुंगी तक सड़क निर्माण किया जाएगा। सोनीपत चुंगी से पानीपत चुंगी के मध्य ड्रेन 8 को कवर करके भगवान परशुराम विरासत पार्क व जॉगिंग ट्रेक बनाया जाएगा, जिससे शहर के सौंदर्यीकरण में चार-चांद लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि इलाके के ग्रामीणों की मांग थी कि दशकों पुरानी नहरी व्यवस्था जर्जर हो चली है, उसे नए सिरे से बनाया जाए, इस दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह ने विभिन्न परियोजनाओं की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बड़ौता बाईपास पर टूरिज्म रिजॉर्ट और खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। गोहाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना होने से इलाके में औद्योगिक विकास को रफ्तार मिलेगी और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
