हिमाचल एंट्री टोल बढ़ोतरी के विरोध में व्यापार मंडल ने विधायक चन्द्र मोहन को सौंपा ज्ञापन

 

रोमी सिंह /रमोला न्यूज़
पंचकूला: पंचकूला के विधायक चन्द्र मोहन से व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश द्वारा कालका क्षेत्र में लगाए गए एंट्री टोल में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि टोल दरों में बढ़ोतरी के कारण हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों पंचकूला, कालका और पिंजौर के लोगों व व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। व्यापारियों ने बताया कि उन्हें व्यापारिक गतिविधियों के चलते हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार आना-जाना पड़ता है, जिससे बार-बार टोल देना उनकी मजबूरी बन गई है।

व्यापार मंडल के सदस्यों ने इस मुद्दे पर सरकार की ओर से ठोस पहल न होने पर नाराजगी जताई और मांग की कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष छूट या पास की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

इस दौरान विधायक चन्द्र मोहन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इस समस्या को गंभीरता से उठाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी बातचीत कर मामले को जल्द सुलझाने की मांग रखी है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों और व्यापारियों को राहत मिल सके।

विधायक ने कहा कि आम जनता और व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है और इसके समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *