Shimla: हिमाचल में ईकेवाईसी नहीं होने पर भी घरेलू गैस उपभोक्ताओं को मिलेंगे सिलैंडर

शिमला : हिमाचल में ईकेवाईसी नहीं होने पर फिलहाल घरेलू गैस उपभोक्ताओं को गैस सिलैंडर मिलते रहेंगे। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग निदेशक कुमुद सिंह ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि इस विकट परिस्थिति में किसी भी घरेलू गैस उपभोक्ता को ईकेवाईसी न होने के कारण सिलैंडर से वंचित न किया जाए और कैम्प मोड में शेष बचे उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी करवाए। यह निर्देश विभाग निदेशक ने मंगलवार को राज्य स्तरीय निगरानी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जारी किए।

उन्होंने बताया कि इस समय प्रदेश में 191 गैस एजैंसियां हैं जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलैंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। वर्तमान में कुल सामान्य खपत के प्रति 60 प्रतिशत व्यावसायिक गैस सिलैंडर राज्य को प्राप्त हो रहे हैं और सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सिलैंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। बैठक में मौजूद विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि राज्य में घरेलू एलपीजी सिलैंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आवश्यकतानुसार गैस सिलैंडरों की प्राप्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से घरेलू गैस कनैक्शन की ईकेवाईसी नहीं होने सम्बंधी शिकायतें आ रही हैं।

इस संबंध में कंपनी प्रतिनिधियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि पैट्रोल व डीजल की भी प्रदेश में पर्याप्त उपलब्धता है तथा वर्तमान उपलब्ध स्टॉक भी 15 दिनों तक चल सकता है और इन पैट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है। बैठक में आईओसीएल से इन्द्रलाल नेगी राज्य स्तरीय समन्वयक, आईओसीएल हिप्र शिमला व मोहम्मद आमीन मंडलीय एलपीजी विकेता प्रमुख, आईओसीएल हिप्र शिमला, बीपीसीएल से शुभम गोयल, प्रबंधक सेल्स, चंडीगढ़ और एचपीसीएल से विक्रम सिंह, क्षेत्रीय सेल्स प्रबंधक मौजूद रहे।

ये भी दिए गैस एजैंसियों को निर्देश
विभाग निदेशक ने निर्देश जारी किए कि गैस एजैंसियां फोकल प्वाइंट पर डिलीवरी के दो दिन पहले जिला नियंत्रकों एवं निरीक्षकों तथा संबंधित पंचायत जनप्रतिनिधियों को भी सूचित करें ताकि समाचार पत्रों के माध्यम प्रचार-प्रसार करके उपभोक्ताओं तक जानकारी पहुंचाई जा सके। उन्होंने तेल कंपनियों को फोकल प्वाइंट पर ही उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *