चर्चित कमल कौर ह’त्याकांड : अदालत ने अमृतपाल सिंह मेहरों को न्यायिक हिरासत में भेजा

बठिंडा : चर्चित मामले में गिरफ्तार किए गए अमृतपाल सिंह मेहरों को मेडिकल जांच के बाद आज अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने उसे 29 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए। इससे पहले अमृतपाल मेहरों पांच दिन के पुलिस रिमांड पर था, जो आज समाप्त हो गया।

अदालती कार्यवाही के दौरान सरकारी वकील की ओर से दो अलग-अलग आवेदन दायर किए गए। पहली अर्जी में आरोपी की वॉइस रिकॉर्डिंग से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कही गई, ताकि मामले से जुड़े तकनीकी सबूत जुटाए जा सकें। दूसरी अर्जी में आरोपी की मां के बयान दर्ज करने और उस प्रक्रिया को पूरा करने के बारे में अदालत को अवगत कराया गया।

सरकारी पक्ष ने दलील दी कि मामले की जांच अभी जारी है और कई अहम तथ्य जुटाने बाकी हैं। इसलिए वॉइस सैंपल और पारिवारिक बयानों की प्रक्रिया पूरी करना बेहद जरूरी है। अदालत ने दोनों आवेदनों पर विचार करते हुए संबंधित प्रक्रिया जारी रखने की अनुमति दे दी। इस मामले में पुलिस पहले ही कई डिजिटल सबूत जुटा चुकी है और अब वॉइस रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच से और खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, मां के बयान को भी जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल, अमृतपाल मेहरों को जेल भेज दिया गया है और अगली पेशी 29 अप्रैल को होगी। पुलिस और जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *