*तेजी से बढ़ते गुरुग्राम के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम आवश्यक: रेखा शर्मा*

*तेजी से बढ़ते गुरुग्राम के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम आवश्यक: रेखा शर्मा

 

रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़

पंचकूला , 30 मार्च: राज्यसभा सांसद श्रीमती रेखा शर्मा ने आज राज्य सभा में विशेष उल्लेख के माध्यम से तेजी से विकसित हो रहे गुरुग्राम शहर में शहरी जलभराव और ड्रेनेज व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाया।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम आज देश के प्रमुख आर्थिक और तकनीकी केंद्रों में से एक के रूप में तेजी से उभरा है। यहां बड़ी संख्या में बहुराष्ट्रीय कंपनियां कार्यरत हैं और यह शहर रोजगार सृजन, निवेश और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। ऐसे में शहर की बुनियादी शहरी अवसंरचना को सुदृढ़ बनाना अत्यंत आवश्यक है।

श्रीमती शर्मा ने देशभर में अवसंरचना विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान जैसे दूरदर्शी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों से समन्वित और आधुनिक विकास को नई दिशा मिली है।

उन्होंने कहा कि तीव्र शहरीकरण और बढ़ती जनसंख्या के कारण मानसून के दौरान गुरुग्राम में समय-समय पर जलभराव की समस्या सामने आती है, जिससे आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और शहरी जीवन प्रभावित होता है।

श्रीमती शर्मा ने सुझाव दिया कि इन चुनौतियों के समाधान के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम का विकास, सुदृढ़ स्टॉर्म वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर, वैज्ञानिक शहरी नियोजन तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग की दिशा में समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मजबूत और सुव्यवस्थित शहरी अवसंरचना न केवल नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी, बल्कि गुरुग्राम की राष्ट्रीय एवं वैश्विक आर्थिक केंद्र के रूप में भूमिका को और अधिक सशक्त करेगी।

उन्होंने संबंधित विभागों और प्राधिकरणों से इस दिशा में दीर्घकालिक एवं प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *