परवाणू पुलिस ने सुलझाई 09 लाख रुपये की कार चोरी की गुत्थी, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )

परवाणू, 16 नवंबर

पुलिस थाना परवाणू की टीम ने दत्यार स्थित पैट्रोल पंप के समीप से चोरी हुई करीब 9 लाख रुपये कीमत की कार के मामले को सुलझाते हुए 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस नं आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुआ वाहन भी बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरमौर निवासी शिकायतकर्ता ने 11 नवंबर 2026 को थाना परवाणू में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने 9 नवंबर को अपनी गाड़ी दत्यार स्थित पेट्रोल पंप के समीप पार्क की थी। 10 नवंबर को टायर पंचर होने के कारण उसे बदलते समय गाड़ी की चाबी वाहन में ही रह गई थी। अगले दिन जब वह अपनी पत्नी के साथ PGI जाने के लिए वहां पहुंचे, तो गाड़ी मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना परवाणू में FIR संख्या 148/2026, दिनांक 11-11-2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने साहिल पुत्र शिवाकर, निवासी गांव पुरला, सेक्टर-02, परवाणू, तहसील कसौली, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 21 वर्ष को सेक्टर-06 परवाणू से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुई कार भी बरामद कर ली गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध विभिन्न पुलिस थानों में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला अपहरण का थाना परवाणू में तथा चोरी के दो मामले, एक थाना कसौली और दूसरा थाना धर्मपुर में दर्ज है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को 12 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगामी जांच जारी है।

वही प्रेस नोट के माध्यम से एसपी सोलन एस.डी. वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला सोलन में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आम जनता से भी अपील है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें और वाहन की चाबी कभी भी गाड़ी में न छोड़ें।

वहीं, डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने मामले में बताया कि पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का वाहन बरामद किया है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।फायरिंग की तीन वारदातों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम सम्मानित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *