पार्वती रमोला / रमोला न्यूज़
चंडीगढ़, 11 अप्रैल- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता से किये संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में दो रोज पहले भी श्रमिकों से किए गए मजदूरी बढ़ाने के संकल्प को सरकार ने पूरा करते हुए उनका मासिक वेतन 19 हजार 425 रुपये तक सुनिश्चित किया है। लेकिन,कांग्रेसी सिर्फ बरगलाने में जुटे है, कभी किसानों को झूठ बोल कर गुमराह करते हैं तो कभी दूसरे वर्ग को। कांग्रेस के नेता मंडी में जाने की बजाय हिमाचल जाएं, कर्नाटक जाएं, तेलंगाना जाएं और पता करके आएं कि क्या वहां की जनता से किये वायदे उनकी सरकारों ने पूरे किए हैं या नहीं।
मुख्यमंत्री शनिवार को चरखी दादरी में विकसित दादरी रैली में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 540 करोड़ 98 लाख रुपये की 43 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दादरी विधानसभा क्षेत्र को दी। कार्यक्रम के दौरान रैली के आयोजक एवं विधायक श्री सुनील सतपाल सांगवान ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी भी मौजूद थी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि चरखी-दादरी की मिट्टी अपने आप में गौरवशाली इतिहास की गवाही देती है। यहां की हवा में शौर्य है, यहां के कण-कण में वीरता बसती है। सन् 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम हो, आजादी की लड़ाई हो अथवा आजादी के बाद चीन व पाकिस्तान से होने वाले युद्ध हों, यहां के जवानों ने सदा वीरता की नई मिसाल कायम की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन की सरकार हर क्षेत्र का समान विकास करने की दिशा में काम कर रही है। पिछले 11 वर्षों में दादरी विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 271 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 201 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 58 पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अब तक दादरी विधानसभा क्षेत्र में 1 हजार 364 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में 303 करोड़ 30 लाख रुपये के काम हुए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी जनकल्याण के काम गति से कर रही है। आज समय की मांग है कि हम राजनीति से ऊपर उठकर विकास की राजनीति करें। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्ववास जीतना है। विपक्ष केवल आरोप लगाता है, लेकिन हमारे पास काम का रिपोर्ट कार्ड है। हमने जो कहा, वह करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दादरी का विकास अब तिगुणी रफ़्तार से होगा। चरखी-दादरी को दिसम्बर, 2016 में नया जिला बनाया गया, वहीं गांव झोझू कलां और बोंद को ब्लॉक बनाया गया। सरकार इस क्षेत्र में भी तेज गति से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दादरी के लिए हाल ही में पेश किए गए बजट में खास परियोजनाएं बनाई गई है। इसके तहत चरखी दादरी सहित 10 जिलों में प्राकृतिक व जैविक किसानों को कृषि उपज बेचने के लिए मंडियों में जगह उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। साथ ही 5 जिलों के 44 जलघरों के टैंकों को आरसीसी लाइनिंग में बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें चरखी दादरी के अलावा हिसार, रोहतक, झज्जर व भिवानी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह चरखी दादरी, हांसी, झज्जर व मांडी खेड़ा के जिला अस्पतालों में अतिरिक्त 100 बिस्तरीय भवनों का निर्माण भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चरखी दादरी सहित 12 जिलों में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण करने की योजना भी है। झज्जर-चरखी दादरी की चारमार्गीय सड़क को अपग्रेड किया जाएगा। चरखी दादरी, फतेहाबाद, पंचकूला में जिला जेल तथा रोहतक में हाई सिक्योरिटी जेल बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जो कहते हैं, उसे करते भी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हमने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 61 वादों को डेढ़ साल में ही पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 156 वादों पर काम प्रगति पर है। आज अगर हरियाणा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, तो इसके पीछे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी मार्गदर्शन है। ‘विकसित भारत 2047’ का जो संकल्प प्रधानमंत्री ने देशवासियों के सामने रखा है, वह केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। यह ऐसा संकल्प है, जिसमें देश का हर नागरिक भागीदार है। हम सब मिलकर ‘विकसित हरियाणा’ के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करेंगे।
इंडी गठबंधन राजनीतिक कुर्सी ढूंढने लग जाता है:
उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध से उपजे संकट के समय पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर प्रधानमंत्री ने जनता को बड़ी राहत दी है। लेकिन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडी गठबंधन राजनीतिक कुर्सी ढूंढने के लिए भ्रम फैलाने लगता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैश्विक संकट के समय में सस्ती राजनीति करके वोटों की फसल काटने की विपक्षियों ने कोशिश की और गलत बयानबाजी करके भ्रम फैलाने की खूब कोशिश की, लेकिन जागरूक जनता ने उनके गलत इरादों को कामयाब नहीं होने दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेल और गैस की कोई कमीं नहीं है।
किसान की फसल का एक एक दाना खरीदा जाएगा:
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस समय रबी फसलों की खरीद का सीजन चल रहा है। सरकार ने खरीद के व्यापक प्रबंध किए हैं। 28 मार्च से सरसों की और 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रदेश में चल रही है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर रहा है। किसानों की फसलों की सरकारी खरीद पर भी विपक्षी अपनी राजनैतिक रोटियां सैकने के लिए आजकल अनाज मंडियों में घूम रहे हैं। जब वे सत्ता में थे, तब उन्हें न मंडियों की सुध थी और न किसानों की चिंता।
