कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
अलीगढ़/ चंडीगढ़ : त्योहारों के उल्लासमय दिनों में योगा ग्रुप किटी की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में गरबा नृत्य कर भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और नारी शक्ति का सुंदर संदेश दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ गरबा किया तथा वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर महिलाओं ने संदेश दिया कि गरबा केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि माँ आदिशक्ति के प्रति भक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा की अभिव्यक्ति है। यह हमें अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। गरबा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है, जो महिलाओं को आपस में जोड़ने के साथ-साथ एकता, आनंद और आध्यात्मिकता की भावना को भी प्रबल करता है।
कार्यक्रम में सीमा चौहान, अंजना सक्सेना, रेखा गुप्ता, अर्चना गुप्ता, नेहा गुप्ता, अंजना सिंह, ममता शर्मा, अन्नू, वंदना सक्सेना और रेनू वार्ष्णेय सहित अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर त्योहारों की खुशियों को साझा किया और भारतीय परंपराओं को सहेजने तथा नई पीढ़ी तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।
योगा ग्रुप किटी की इस पहल ने यह संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति और परंपराएँ केवल उत्सव मनाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता, एकता, भक्ति और संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा भी हैं।
