डिजिटल जनगणना 2027: पंचकूला में तैयारियाँ तेज*

रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला, 13 अप्रैल— नगर निगम के प्रमुख जनगणना अधिकारी सह आयुक्त श्री विनय कुमार ने बताया कि हरियाणा में जनगणना 2027 का कार्य प्रारंभ हो चुका है। नगर निगम क्षेत्र में जनगणना से संबंधित सभी तैयारियाँ सुचारु रूप से प्रगति पर हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार संचालित किए जा रहे हैं और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी, दक्षता एवं समर्पण के साथ इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

श्री विनय कुमार आज नगर निगम कार्यालय, सेक्टर-14 में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला जनगणना समन्वयक मधु यादव भी उपस्थित थी ।

उन्होंने बताया कि यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। आधुनिक तकनीक, डिजिटल उपकरणों तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के उपयोग से इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक सटीक, पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना एक व्यापक, वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित प्रक्रिया है, जिसे दो प्रमुख चरणों में संपन्न किया जाता है। पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस’ 1 मई से प्रारंभ होगा। इस चरण के अंतर्गत प्रत्येक आवासीय इकाई का विवरण, घर की संरचना, उपलब्ध सुविधाएँ जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली आदि तथा अन्य आधारभूत जानकारियाँ एकत्र की जाएंगी। यह चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी के आधार पर आगे की जनसंख्या गणना का ढांचा तैयार किया जाता है।

दूसरा चरण ‘जनसंख्या गणना (Population Enumeration)’ फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी जैसे आयु, लिंग, शिक्षा, व्यवसाय आदि का संकलन किया जाएगा। यह डेटा शासन एवं प्रशासन को साक्ष्य-आधारित नीतियों, योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।

जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए एक सुदृढ़ एवं बहु-स्तरीय प्रशिक्षण तंत्र विकसित किया गया है। इस प्रक्रिया में सर्वप्रथम मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाता है। ये मास्टर ट्रेनर्स आगे फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देते हैं और फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाता है। यह चरणबद्ध प्रशिक्षण प्रणाली सुनिश्चित करती है कि प्रत्येक स्तर पर कार्यरत कार्मिकों को उनके दायित्वों की स्पष्ट समझ हो तथा वे आधुनिक डिजिटल उपकरणों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।

उन्होंने बताया कि नगर निगम में कुल 457 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स निर्धारित किए गए हैं। प्रशिक्षण व्यवस्था के अंतर्गत 2 मास्टर ट्रेनर्स द्वारा 8 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जा चुका है। ये फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए निगम क्षेत्र में कुल 528 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो जनगणना के विभिन्न चरणों में अपनी जिम्मेदारियाँ निभाएंगे।

इस बार जनगणना 2027 में “स्व-गणना” (Self Enumeration) की सुविधा एक महत्वपूर्ण डिजिटल नवाचार के रूप में प्रस्तुत की गई है। इसके माध्यम से नागरिक बिना किसी मध्यस्थ के स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। नागरिक www.se.census.gov.in, http://www.se.census.gov.in वेबसाइट के माध्यम से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

स्व-गणना के दौरान दर्ज की गई सभी जानकारी पूर्णतः सुरक्षित एन्क्रिप्टेड सिस्टम में संग्रहित की जाती है। किसी भी व्यक्तिगत जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया जाता और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए ही किया जाता है। यह सुविधा न केवल नागरिकों के लिए सुविधाजनक है, बल्कि इससे समय की बचत होती है तथा डेटा की शुद्धता और विश्वसनीयता भी बढ़ती है। साथ ही इससे प्रगणकों के कार्य में भी सहूलियत मिलती है।

उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे जनगणना 2027 में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, चाहे वह स्व-गणना के माध्यम से हो अथवा प्रगणक के माध्यम से। उन्होंने कहा कि नागरिक सही, पूर्ण एवं सत्य जानकारी प्रदान करें, क्योंकि यही जानकारी देश के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *