एच. राजेश प्रसाद, मुख्य सचिव ने सभी विभागों के सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता क
चंडीगढ़ 16 मार्च:
एच. राजेश प्रसाद, आईएएस, मुख्य सचिव, यूटी चंडीगढ़ ने आज चंडीगढ़ प्रशासन के सभी विभागों के सचिवों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें प्रमुख विकास परियोजनाओं एवं प्रशासनिक मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सचिव, इंजीनियरिंग ने अवगत कराया कि ट्रिब्यून चौक पर यातायात जाम को कम करने के उद्देश्य से फ्लाईओवर, रोटरी एवं अंडरपास के निर्माण कार्य हेतु प्रस्ताव सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। मंत्रालय से अनुमोदन प्राप्त होने के पश्चात यह कार्य मई माह में प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है।
यह भी बताया गया कि बलटाना एवं मक्खन माजरा के निवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को ध्यान में रखते हुए लेवल क्रॉसिंग को समाप्त करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा ₹6.5 करोड़ की राशि रेलवे को जमा करवाई गई है, ताकि कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
शैक्षिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रावास (हॉस्टल) ब्लॉक के निर्माण हेतु निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा निर्माण कार्य मई माह में प्रारंभ होने की संभावना है।
पंजाब विश्वविद्यालय/पीजीआई अंडरपास के संबंध में अवगत कराया गया कि इसकी निविदा प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी तथा निर्माण कार्य जून माह में शुरू होने की संभावना है। कार्य निष्पादन एवं यूटिलिटी शिफ्टिंग की उचित योजना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों द्वारा संयुक्त साइट निरीक्षण भी किया जा चुका है।
मुख्य सचिव ने इंजीनियरिंग विभाग को सभी परियोजनाओं में निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी सचिवों को अपने-अपने विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने हेतु भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त, मुख्य सचिव ने पर्यटन विभाग को सारंगपुर में निर्धारित स्थल पर शीघ्रातिशीघ्र कॉन्सर्ट आयोजित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
