वार्ड 13 में अक्षय दीप चौधरी ने खोला चुनावी कार्यालय, कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी

 

कोमल रमोला/ रमोला न्यूज़

पंचकूला:नगर निगम चुनाव 2026 के तहत वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय दीप चौधरी ने आज सेक्टर-21 में अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन बिश्नोई, कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पंचकूला जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान, नवीन बंसल सहित अनेक कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन बिश्नोई ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नगर निगम चुनाव में ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिनके नाम कथित रूप से 160 करोड़ रुपये के घोटाले की चर्चाओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत के बाद नगर निगम में पारदर्शिता लाई जाएगी और भ्रष्टाचार में संलिप्त पार्षदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस से जुड़े आशीष चौधरी ने कहा कि उन्होंने पूर्व पार्षद रहते हुए लगातार जनता की सेवा की है और जनहित के मुद्दों को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन भी किए। उन्होंने बताया कि इन आंदोलनों के चलते प्रशासन द्वारा उनके खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए, लेकिन वे हमेशा जनता के हित में संघर्ष करते रहे।

कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय दीप चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने पिछले कार्यकाल में वार्ड में कई विकास कार्य करवाए हैं। इनमें पार्कों में लाइट लगवाना, सेक्टर-25 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब का नवीनीकरण, आवारा पशुओं और कुत्तों की समस्या के समाधान के प्रयास प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताया है और वे चुनाव जीतकर वार्ड के लोगों की सेवा के लिए दिन-रात कार्य करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा जताया और आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *