मोदी की विकास नीति से पश्चिम बंगाल में खिला कमल : डॉ अरविंद शर्मा

प्रीति कंबोज /रमोला न्यूज़
चंडीगढ़, 4 मई। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता-जनार्दन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास नीति और भाजपा कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम की बदौलत कमल खिलाकर तृणमूल कांग्रेस और ममता बैनर्जी के कुशासन, अराजक शासन का अंत कर दिया है। उन्होंने असम और पुडुचेरी में भी भाजपा को स्पष्ट बहुमत पर खुशी जताते हुए बधाई दी है।

आज यहां विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि यह जनादेश देश की जनता के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बढ़ते हुए विश्वास, विकास की राजनीति और सुशासन के प्रति समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि असम में भाजपा सरकार को दोहराकर, पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत के साथ पहली बार सरकार बनाकर जागरूक जनता ने लोकतंत्र को सशक्त करते हुए विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के पक्ष में अपना मत दिया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति का प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के हर कोने में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है और पश्चिम बंगाल में भी अब विकास की नई गति देखने को मिलेगी। डॉ. शर्मा ने आशा व्यक्त की कि नई परिस्थितियों में प्रदेश में शांति, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा आमजन के जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि भाजपा जनसेवा के अपने संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *