तिलक चंद रमोला नौगांव: जनपद उत्तरकाशी के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में कार्यरत ए.एन.एम. श्रीमती पूजा परमार राणा को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित नेशनल फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करकमलों द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा , केंद्रीय मंत्री प्रताप राव जयदेव तथा अनुप्रिया पटेल भी मौजूद रहे।
पूजा परमार राणा ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, ग्रामीण स्वास्थ्य जागरूकता तथा जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव को देखते हुए उन्हें इस राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया।
महज 36 वर्ष की आयु और 15 वर्ष की राजकीय सेवा में यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। उनके पति आनंद राणा आयुर्वेद विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं।
पूजा परमार राणा की इस उपलब्धि पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, प्रमुख सरोज पंवार, जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी, प्रधान सूर्यपाल राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
उनकी इस सफलता से पूरे उत्तरकाशी जनपद सहित प्रदेश में खुशी की लहर है तथा क्षेत्रवासियों ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
उत्तरकाशी की पूजा परमार राणा को मिला नेशनल फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवार्ड-2026
