पुरोला में पेंशनर्स संगठन की बैठक, समस्याओं पर मंथन

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किया सम्मानित
तिलक चंद रमोला नौगांव: यमुना घाटी सेवा निवृत राजकीय पेंशनर्स संगठन की बैठक सोमवार को नगर पालिका पुरोला सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान को लेकर मंथन किया गया। साथ ही वर्ष 2026 में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
बैठक में बड़कोट, नौगांव, पुरोला और मोरी क्षेत्र से पहुंचे पेंशनरों ने पेंशन भुगतान में आ रही दिक्कतों, गोल्डन कार्ड की समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, पेंशन पट्टा, महंगाई राहत तथा वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। संगठन पदाधिकारियों ने सरकार से लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
संगठन अध्यक्ष महिपाल असवाल ने कहा कि कर्मचारी जीवनभर राजकीय सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देता है और सेवानिवृत्ति के बाद सरकार को पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स को समय पर सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है तथा संगठन लगातार उनके हितों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने वर्ष 2026 में राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सेवाकाल की सराहना की।
बैठक में संगठन अध्यक्ष महिपाल असवाल, रमेश रमोला, जगवीर रावत, हरिमोहन कैड़ा, गुलाब रावत, चतर सिंह कंडियाल, राजकुमारी, बुद्धि सिंह कुमांई, बहत्तर सिंह राणा, बीडी आर्य, बुद्धि रावत, सोबत चौहान, सुंदर राणा, सरोज राणा, दर्शनी रावत सहित दर्जनों सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *