रमोला न्यूज
नौगांव: उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर (नैनीताल) द्वारा परीक्षाफल 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य के चयनित 114 शिक्षकों को “उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। समारोह में परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी, कौशल एकेडमी इंटरनेशनल के निदेशक डॉ. गिरीश धुगराल, अपर निदेशक कुमाऊं मंडल गजेन्द्र सिंह सोन, संयुक्त सचिव चण्डी प्रसाद रतूड़ी, उप सचिव सुषमा गोयल तथा अंतरराष्ट्रीय एथलीट विजेन्द्र चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने शिक्षकों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजेन्द्र चौधरी ने की।
परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने कहा कि परिषद द्वारा पहली बार यह अभिनव पहल की गई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कराने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने तथा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से यह समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने चयनित शिक्षकों से अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखने और अन्य शिक्षकों व विद्यार्थियों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
कौशल एकेडमी इंटरनेशनल के निदेशक डॉ. गिरीश धुगराल ने संस्था द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए शिक्षकों से विद्यार्थियों के कौशल विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वहीं अपर निदेशक गजेन्द्र सिंह सोन ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
समारोह में अंतरराष्ट्रीय एथलीट विजेन्द्र चौधरी ने शिक्षकों से अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कुमाऊं मंडल के अपर शिक्षा निदेशक गजेन्द्र सिंह सोन, संयुक्त सचिव सीपी रतूड़ी, उप सचिव सुषमा गोयल, शोध अधिकारी डॉ. नन्दन सिंह बिष्ट, प्रशासनिक अधिकारी मोहन नैणवाल सहित विभिन्न जनपदों से आए चयनित शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शोध अधिकारी दरपन सिंह रौतेला द्वारा किया गया।
