नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलेगा, यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त : चौकी प्रभारी

रमोला न्यूज, नौगांव: नव नियुक्त नौगांव चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा और किसी भी नशा तस्कर अथवा अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव नौगांव में यातायात व्यवस्था को बेहतर एवं दुरुस्त बनाना भी प्राथमिकता में शामिल है। यात्रा सीजन के दौरान बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
चौकी प्रभारी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास करेगी। साथ ही यातायात नियमों का पालन कराने के साथ लोगों को जागरूक भी किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
भूपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को कानूनी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पुलिस सदैव तत्पर रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण कायम रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *