अशोक शर्मा, समालखा
यूरोप के देश रोमानिया में 22 से 24 मई तक आयोजित आठवीं वर्ल्ड क्वानकीड़ो इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में भारत की 10 सदस्यीय टीम ने भाग लिया,जिसमें हरियाणा के समालखा स्थित यामिन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी सागर ने कांस्य पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। इनको बेस्ट फाइटर चुना गया।
टीम इवेंट मुकाबलों में भारत का पहला मुकाबला इटली से हुआ,जिसमें भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की। इसके बाद फ्रांस के खिलाफ हुए मुकाबले में सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फ्रांस के खिलाड़ी को नॉकआउट कर दिया।पूरे टूर्नामेंट में यह एकमात्र नॉकआउट रहा,जिसके चलते सागर को प्रतियोगिता का बेस्ट फाइटर चुना गया।
ग्रुप अंक प्रणाली के आधार पर भारत को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।प्रतियोगिता में पहला स्थान रोमानिया, दूसरा स्थान फ्रांस,तीसरा स्थान भारत तथा चौथा स्थान इटली को मिला।भारतीय टीम की ओर से हरियाणा के सागर और बिहार के रवि ने शानदार भागीदारी निभाई तथा दोनों खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किए।
भारतीय टीम के कोच अतुल पतंगोतरा और अजय दलाल रहे,जबकि टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी सुनीलदत्त,नवीन और अभिषेक ने संभाली। टीम के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दमदार फाइटिंग प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में पदक डाले। प्रतियोगिता से लौट रही भारतीय टीम का 26 मई को भव्य स्वागत किया जाएगा।इंडिया क्वानकीड़ो फेडरेशन के उपाध्यक्ष यमीन खान ने बताया कि भारत की ओर से यह पहली टीम ने प्रतिभागिता की है और पहले ही दौरे में दो पदक भारत को मिला बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर जितेंद्र मलिक, अनिल कुमार, जिंदा छाैक्कर बिलंदपुर, सुरेंद्र सरोहा, रणवीर तथा डीएसकेएस संस्था के सदस्यो के साथ सैकड़ों लोगों ने सागर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
