नौगांव:
उत्तराखंड वन विकास निगम में नौगांव क्षेत्र में फुटकर विक्रय डिपो खोले जाने की मांग तेज हो गई है। जिला पंचायत वार्ड संख्या-19 के सदस्य विजय प्रकाश बंधानी द्वारा इस संबंध में शासन एवं वन निगम को पत्र भेजा गया था, जिस पर अब वन विकास निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभागीय प्रबंधक, उत्तराखंड वन विकास निगम, टोंस प्रभाग पुरोला द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि नौगांव एवं आसपास के क्षेत्र की 249 ग्राम पंचायतें टोंस और यमुना वन प्रभाग से जुड़ी हुई हैं। बावजूद इसके, क्षेत्र में वन निगम का कोई फुटकर बिक्री डिपो नहीं होने से लोगों को निर्माण कार्यों के लिए समय पर इमारती लकड़ी नहीं मिल पा रही है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में लोगों को लकड़ी खरीदने के लिए देहरादून तक जाना पड़ता है, जो नौगांव से करीब 135 किलोमीटर दूर है। इससे स्थानीय लोगों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। नौगांव में डिपो खुलने से स्थानीय जनता को राहत मिलेगी तथा चीड़, देवदार और तून जैसी लकड़ियों की उपलब्धता क्षेत्र में आसानी से हो सकेगी।
वन विकास निगम ने प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्थानीय लोगों ने भी शीघ्र डिपो स्थापना की मांग उठाई है, ताकि ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।
