नौगांव:
रवांई क्षेत्र के पौन्टी गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक आस्था के साथ रामलीला आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गांव की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार 26 मई को ज्येष्ठ एकादशी के अवसर पर मां भद्रकाली मंदिर परिसर में हनुमान ध्वज स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला मंचन से पूर्व हनुमान ध्वज स्थापना की प्राचीन परंपरा निभाई जाती है। ऐसी मान्यता है कि ध्वजारोहण के बाद भगवान हनुमान स्वयं आयोजन स्थल पर विराजमान रहते हैं और सम्पूर्ण रामलीला निर्विघ्न संपन्न होती है।
कार्यक्रम के तहत मंगलवार प्रातः 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आचार्य हरीश डिमरी एवं पंडितों द्वारा ईष्टदेवी मां भद्रकाली एवं हनुमान ध्वज का विधिवत पूजन किया गया । आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है।
समिति के सदस्यों ने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में धैर्य, मर्यादा एवं रिश्तों को निष्ठा के साथ निभाने की प्रेरणा देता है। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता, संस्कृति संरक्षण और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है।
रामलीला कमेटी पौन्टी के अध्यक्ष मृदुल भंडारी, उपाध्यक्ष हिमांशु तिवारी, सचिव विवेक कुमार, सह सचिव अभय चौहान, मस्तु महादेव, नितिन बहुगुणा, प्रत्युष पंवार, दिव्यांशु, प्रियांशु भंडारी, शिवराज रावत, कोषाध्यक्ष अमन भंडारी, देवाशीष भंडारी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
