देहरादून में ओबीसी आयोग की दो दिवसीय न्यायिक बैठक संपन्न, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

रमोला न्यूज नौगांव: उत्तराखंड राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग (O.B.C) की दो दिवसीय न्यायिक बैठक 25 एवं 26 मई 2026 को निदेशालय स्थित मुख्यालय, देहरादून में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने की।
बैठक में सचिव गोरधन सिंह, ए.डी.ओ. मोहित तथा कनिष्ठ सहायक श्रीमती विजयलक्ष्मी सहित आयोग के सदस्यगण उपस्थित रहे। इनमें राज्य मंत्री श्याम डोभाल समेत
चमन लाल, कमलेश कुमार, प्रहलाद चौधरी, मोहब्बत सिंह नेगी, राकेश उनियाल, विनोद नाथ, महेंद्र कुमार वर्मा, सतीश पाल, शहजाद अहमद, जुनैल आबिदीन अंसारी, रुचि गिरी शर्मा तथा उमेश चंद रमोला शामिल रहे।
आयोग की इस द्वितीय न्यायिक बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अन्य पिछड़ा वर्ग के नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। अध्यक्ष एवं सदस्यगणों ने प्रत्येक परिवादी की समस्याओं को बारीकी से समझते हुए त्वरित निवारण के लिए तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन-सुनवाई के दौरान शिक्षा, रोजगार, जाति प्रमाण-पत्र, छात्रवृत्ति, आरक्षण एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अनेक प्रकरण सामने आए। आयोग द्वारा संबंधित विभागों को समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर अध्यक्ष संजय नेगी ने कहा कि आयोग का उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे, यह आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *