विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़
पंचकूला:
विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़, पंजाब प्रांत के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी तथा हिंद संग्राम परिषद (रजि.) के सलाहकार महंत मनोज शर्मा मनू महाराज जी ने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र भेजकर विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में विज्ञापन होर्डिंग लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा राष्ट्रीय एवं पहाड़ी राज्य राजमार्गों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग की है।
महंत मनोज शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कें संकरी, घुमावदार और ढलानयुक्त होती हैं। ऐसे स्थानों पर लगाए गए बड़े विज्ञापन होर्डिंग वाहन चालकों का ध्यान भटका सकते हैं और उनकी दृश्यता को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि तेज मोड़, ब्लाइंड कर्व और ढलान वाले स्थानों के समीप लगाए गए अवैध होर्डिंग सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम कई गुना बढ़ा देते हैं। इसलिए ऐसे क्षेत्रों में बिना अनुमति विज्ञापन बोर्ड लगाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
उन्होंने मांग की कि पहाड़ी क्षेत्रों में विज्ञापन होर्डिंग लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध रूप से लगाए गए सभी होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं। इसके साथ ही हाईवे एवं पहाड़ी इलाकों में फुटपाथों और सड़क किनारों पर किए गए अवैध कब्जों को विशेष अभियान चलाकर हटाने की भी मांग की गई है।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर सख्त दिशा-निर्देश जारी करने तथा भविष्य में अवैध होर्डिंग लगाने और अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया
