चुनावी प्रतिस्पर्धा के बीच वार्ड नंबर 2 में दिखा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश — पवन शर्मा

रमोला न्यूज़
हार्मिलाप नगर बलटाना: वार्ड नंबर 2, हरमिलाप नगर बलटाना में नगर परिषद चुनाव के दौरान राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच सामाजिक एकता, आपसी सम्मान और भाईचारे की एक सकारात्मक तस्वीर देखने को मिली। ट्राईसिटी के वरिष्ठ समाजसेवी एवं चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पवन शर्मा की पहल पर विभिन्न राजनीतिक दलों और विचारधाराओं से जुड़े प्रत्याशी एक साथ नजर आए और उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन भाईचारा और सामाजिक संबंध उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रसिद्ध कथन — “सरकारें आएंगी, जाएंगी, पार्टियां बनेंगी, बिगड़ेंगी मगर ये देश रहना चाहिए” — को स्मरण करते हुए पवन शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में हर प्रत्याशी अपनी-अपनी पार्टी और विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा रहता है और चुनाव में पूरी मेहनत भी करता है, लेकिन चुनाव कभी भी आपसी मनभेद या सामाजिक दूरी का कारण नहीं बनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी अपने-अपने दलों के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में हैं और रहेंगे, लेकिन इसके बावजूद वार्ड में जिस प्रकार आपसी तालमेल, सम्मान और भाईचारा देखने को मिला, वह समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रत्याशियों ने एक-दूसरे का हाथ मिलाकर और गले मिलकर यह संकल्प लिया कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी हों, समाज की एकता और आपसी सौहार्द हमेशा बना रहेगा।

पवन शर्मा ने कहा कि जीत और हार लोकतंत्र का हिस्सा हैं और यह सिलसिला आगे भी चलता रहेगा, लेकिन समाज को जोड़कर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र वही होता है, जहां विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन दिलों में दूरियां नहीं होनी चाहिए।

समाजसेवी पवन शर्मा लंबे समय से सामाजिक समरसता और लोगों को साथ लेकर चलने की सोच के लिए जाने जाते हैं। चाहे सामाजिक क्षेत्र हो या चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से जुड़ी जिम्मेदारियां, उन्होंने हमेशा सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया है। उनकी यह पहल वार्ड नंबर 2 में चुनावी माहौल के बीच भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *