अधूरी वीडियो दिखाकर जनता को गुमराह करने की कांग्रेस की साजिश बेनकाब : जतिंदर पाल मल्होत्रा

 

अनिरुद्ध मिश्रा/ रमोला न्यूज़

चंडीगढ़, 18 जून।

भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने उनके बयान को लेकर खड़ा किए गए अनावश्यक विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा जानबूझकर उनके वक्तव्य को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है ताकि जनता को गुमराह किया जा सके।

मल्होत्रा ने स्पष्ट किया कि वह स्वयं पंजाब से संबंध रखते हैं और पूरे पंजाब तथा प्रत्येक पंजाबी का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस वीडियो को कांग्रेस द्वारा प्रचारित किया जा रहा है, उसमें उनके बयान का पूरा संदर्भ नहीं दिखाया गया। उन्होंने बताया कि “ब्लैडीफूल” शब्द किसी व्यक्ति, समुदाय या पंजाबी समाज के लिए नहीं बल्कि स्वयं अपने संदर्भ में प्रयोग किया गया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा खेल प्रकोष्ठ के कुछ पदाधिकारी शहर के बच्चों के लिए एक छोटा खेल आयोजन करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने उस पहल को आगे बढ़ाते हुए पूरे शहर के लिए एक भव्य खेल महोत्सव का स्वरूप दिया, जिसमें 3000 से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित हुई। उसी भावनात्मक और आत्ममंथन वाले संदर्भ में उक्त शब्द का प्रयोग किया गया था, जिसे दुर्भावनापूर्ण तरीके से काटकर पेश किया गया।

मल्होत्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो युवाओं और बच्चों के लिए कोई विजन है, न कोई सकारात्मक सोच और न ही विकास का कोई एजेंडा। बच्चों और युवाओं के लिए सार्थक कार्य करने के बजाय कांग्रेस केवल झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग ने अपने एक करीबी सहयोगी से जुड़े विवादित वीडियो से जनता का ध्यान हटाने के लिए सुनियोजित तरीके से उनकी अधूरी वीडियो को प्रचारित किया है। यह एक राजनीतिक साजिश है, जिसे जनता भली-भांति समझ चुकी है।

मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब और देश की जनता कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अंदरूनी तालमेल तथा राजनीतिक स्वार्थों से पूरी तरह परिचित है। कांग्रेस को जनता की समझदारी को कम आंकने की भूल नहीं करनी चाहिए। इस पूरे घटनाक्रम ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति और झूठ फैलाने की प्रवृत्ति को एक बार फिर जनता के सामने उजागर कर दिया है।

जनता सच जानती है और कांग्रेस की झूठी राजनीति को करारा जवाब देने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *