*हरियाणा की डायरी
प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी
*वरिष्ठ, स्वतंत्र पत्रकार*
मुख्यमंत्री की इंसानियत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर संवेदनशील और जनहितैषी नेतृत्व का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों की तत्काल सहायता कर मानवता की मिसाल पेश की। लाडवा से बाबैन की ओर जाते समय मुख्यमंत्री के काफिले ने सड़क किनारे एक दुर्घटना देखी, जहां बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्यमंत्री ने जैसे ही हादसे की जानकारी ली, उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और अधिकारियों को घायलों की मदद के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री स्वयं भी स्थिति की जानकारी लेने के लिए रुके और यह सुनिश्चित किया कि घायलों को बिना किसी देरी के चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।घायलों की हालत गंभीर देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में मौजूद एम्बुलेंस को तत्काल मौके पर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू कराया गया।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उनकी इस तत्परता से मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत महसूस की।
।।।।
सौर ऊर्जा को विज का प्रोत्साहन
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘पीएम सूर्य घर रू मुफ्त बिजली योजना’ को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने ‘सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना’ लागू की है। इसके तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की सब्सिडी के अतिरिक्त श्रेणीबद्ध तरीके से ब्याज-मुक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे प्रदेश में सौर ऊर्जा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। नायब सिंह सैनी ने सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में संशोधन संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेश में 2.22 लाख रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए उपभोक्ताओं को ब्याज-मुक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे प्रारंभिक निवेश का बोझ कम होगा और बिजली बिलों में उल्लेखनीय बचत सुनिश्चित होगी। गैर-बकायेदार उपभोक्ताओं, राज्य सरकार के कर्मचारियों तथा अंत्योदय परिवारों को विशेष लाभ प्रदान किया जाएगा। पात्र उपभोक्ता अपने घरों पर 5 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर सकेंगे, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता का भी प्रावधान किया गया है।
।।।।।
‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि ‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’ के अंतर्गत जुलाई और अगस्त माह में सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान गांवों, वार्डों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा सामाजिक संगठनों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर विकसित हरियाणा का जनभागीदारी आधारित रोडमैप तैयार किया जाएगा।इस अभियान में शिक्षा एवं कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण तथा जल, स्वच्छता एवं पर्यावरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बेटी को शिक्षित, प्रत्येक युवा को कुशल और प्रत्येक हाथ को रोजगार उपलब्ध कराना है। रोजगार क्षमता को 95 प्रतिशत तक पहुंचाने तथा आईटीआई, पॉलीटेक्निक और कॉलेजों को उद्योगों से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।स्वास्थ्य क्षेत्र में मातृ मृत्यु दर को 10 से कम तथा शिशु मृत्यु दर को 5 से कम करने, 100 प्रतिशत टीकाकरण और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं जल एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने, जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी को 70 प्रतिशत से अधिक करने का संकल्प लिया गया है। यह पहल केवल एक सरकार या एक कार्यकाल तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्ष 2047 तक हरियाणा के भविष्य की दीर्घकालिक कार्ययोजना है।
।।।
अग्नि सुरक्षा पर सरकार सजग
हरियाणा सरकार ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील एवं अधिक भीड़भाड़ वाले सभी प्रतिष्ठानों की व्यापक पहचान और निरीक्षण के लिए अभियान चलाएं। इसमें कोचिंग सेंटर, पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास, होटल, औद्योगिक इकाइयां, व्यावसायिक भवन तथा अन्य ऐसे प्रतिष्ठान शामिल होंगे, जहां अग्नि दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है। इस अभियान का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान कर निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना है।मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने-अपने जिलों में ऐसे सभी प्रतिष्ठानों की सूची तैयार करें, उनकी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत ऑडिट कराएं तथा जिन प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा है, उनके विरुद्ध तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। यह भी निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों के संचालकों, होटल मालिकों, कोचिंग सेंटर संचालकों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठकें की जाएं। इन बैठकों में उन्हें अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों, अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं तथा आग की रोकथाम, समय पर पहचान और प्रभावी नियंत्रण के लिए उपलब्ध नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जाए।
।।।
सी एम नायब सिंह सैनी ने नशा मुक्त भारत अभियान का संकल्प दिलाया
‘हरियाणा विजन-2047’ के रोडमैप को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सी एम नायब सिंह सैनी ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे के विरुद्ध जनजागरूकता और जनभागीदारी का संकल्प दिलाया। इस बैठक में सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी, पारदर्शी एवं समावेशी सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से नई योजनाओं और नीतिगत पहलों पर भी व्यापक मंथन किया।उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि वर्ष 2047 तक हरियाणा को एक विकसित, समृद्ध, समावेशी और जनकेंद्रित राज्य के रूप में स्थापित करें, जहाँ विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान रूप से पहुंचे।
।।।।
*दोस्त- दोस्त ना रहा*
पुरानी फिल्मों का एक गीत दोस्त दोस्त ना रहा की पंक्तियां हरियाणा की राजनीति में आजकल पूरी फिट बैठती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि हुड्डा के सबसे खास व्यक्ति ही नही बल्कि सुपर सीएम कहलाने वाले एम एस चोपड़ा की आस्था भी हुड्डा की जगह वीरेंद्र सिंह में दिखाई देने लगी है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि क्योंकि वे वीरेंद्र सिंह खेमे के कार्यक्रमों में देखे जा रहे हैं। एम एस चोपड़ा के का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है जब हुड्डा कार्यकाल के दौरान कोई भी किसी भी प्रकार के कार्य की सरकार द्वारा किया जाना होता था जब तक चोपड़ा की हरी झंडी नहीं होती थी उसे अमली जामा नहीं पहनाया जाता था।उल्लेखनीय है कि वीरेंद्र सिंह के सुपुत्र पूर्व लोकसभा सदस्य बृजेंद्र सिंह ने प्रदेश भर में पदयात्रा शुरू की थी। शुरुआत में जिसे उनकी निजी यात्रा कह कांग्रेस के सभी नेता पल्ला झाड़ लेते थे। लेकिन जब से नेता विपक्ष राहुल गांधी ने उस यात्रा में शामिल हो बृजेंद्र सिंह की पीठ ठप थप थपाई तभी से दोनों पिता पुत्र की जोड़ी के दिन फिर गए हैं।
।।
*बांगड़ के चौधरी की सादगी*
बांगड़ की राजनीति के धुरंधर वीरेंद्र सिंह का एक अलग ही रूप देखने को मिला जब वह एक कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर न बैठकर कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए। इससे जहां कार्यकर्ताओं का मनोबल और भी ऊंचा हुआ।वहीं राजनीतिक रूप से भी यह संदेश गया कि नेता चाहे कितना भी बड़ा ही क्यों ना हो लेकिन कार्यकर्ता भी उतना ही बड़ा होता है और उसका अपमान सामान भी सभी नेताओं को करना चाहिए।
।।
*सबसे अमीर महिला ने किया अर्चना गुप्ता का स्वागत*
हरियाणा की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता का प्रदेश के कोने कोने में जबरदस्त स्वागत हो रहा है। प्रदेश के हर जिले कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा है। जहां ढोल नगाड़े और फूलों की वर्षा कहीं सम्मान का प्रतीक पगड़ी कहीं शाल तो कहीं गुलदस्ते भेंट किए जा रहे। लेकिन इन सबसे इतर हिसार पहुंचने पर डॉक्टर अर्चना गुप्ता के स्वागत ने सबसे अधिक सुर्खियां बटोरी जब जिंदल ग्रुप से हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल ने बुके के भेंट कर अर्चना गुप्ता का स्वागत किया। वही अर्चना गुप्ता ने भी शिष्टाचार के नाते सावित्री जिंदल को शाल भेंट की। गौरतलब है कि सावित्री जिंदल देश की सबसे अमीर महिला उद्योगपतियों में शुमार है।
।।
*प्रदेश अध्यक्ष ने की जोड़ों की सेवा*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने हिसार गुरु घर में शीश नवाकर गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने गुरु घर में जूते यानी (जोड़ों की सेवा) भी की। इस दौरान उनके साथ गए अन्य कार्यकर्ताओं ने भी गुरु घर में शीश नवकार आशीर्वाद लिया और सेवा भी की। हालांकि राजनीति में चाहे किसी भी दल का नेट क्यों ना हो वह सभी संत और महापुरुषों का बराबर सम्मान और सत्कार करते हैं। लेकिन पीएम मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल सभी ने सिख धर्म के गुरुओं की शिक्षा जन जन तक पहुंचाने को लेकर जो मुहिम चलाई है। इसका असर जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है।
।।
*सरकार और संगठन दोनों भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ*
प्रदेश में बहुत चर्चित बैंक घोटाले के कारण जहां कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों तक को जेल की हवा खानी पड़ रही है। वही नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने भी भाजपा की भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को पालन करते हुए कुरुक्षेत्र जिला अध्यक्ष को उनके पद से हटा दिया है। यही नहीं उनकी जगह कार्यवाहक जिला अध्यक्ष की नियुक्ति भी कर दी है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों एक ऑडियो वायरल हुई थी जिसमें कुरुक्षेत्र के जिला अध्यक्ष द्वारा लेनदेन की बात कही गई थी।
