पंचकूला के समग्र विकास और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता: महापौर श्याम लाल बंसल

 

विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़

पंचकूला। पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल ने आज पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नगर निगम द्वारा पिछले एक माह में किए गए विकास कार्यों, जनहित के निर्णयों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 28 मई को शपथ ग्रहण करने और 1 जून को नगर निगम का कार्यभार संभालने के बाद से ही शहर के विकास, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

महापौर ने बताया कि कार्यभार संभालते ही निगम के सभी विभागों की समीक्षा की गई तथा मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाई गई। उन्होंने बताया कि सेक्टर-1, 2, 4, 12, 12-ए, इंडस्ट्रियल एरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज एवं नालों के निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही राजीव कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी में भी नालों के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

 

उन्होंने बताया कि शहर के सभी सेक्टरों में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। सेक्टर-5, 14 और इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों की री-कार्पेटिंग शुरू कर दी गई है, जबकि सेक्टर-20 सहित अन्य क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए नए टेंडर जारी किए जा रहे हैं। बुढ़नपुर में ट्यूबवेल का उद्घाटन किया गया है तथा इंदिरा कॉलोनी, सेक्टर-18 और सेक्टर-15 के पांच ट्यूबवेलों की मरम्मत की तैयारी भी की जा रही है। बरसात को देखते हुए बंद पड़ी रोड-गलियों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से नागरिकों को राहत मिल सके।

 

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी सेक्टरों में स्थित शोरूमों में बिना अनुमति चल रहे संस्थानों (इंस्टीट्यूट्स) की जांच कर रहा है। यदि किसी व्यावसायिक परिसर का उपयोग नियमों के विपरीत किया जा रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की भी जांच कराई जाएगी। जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा होगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि रेहड़ी-फड़ी व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम की ओर से विकसित रेहड़ी मार्केट में जिन लोगों को स्थान आवंटित किया गया है और यदि वे अपनी दुकानें किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर देकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, तो ऐसे मामलों की जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य वास्तविक रेहड़ी-फड़ी संचालकों को उनका अधिकार दिलाना और व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है।

 

महापौर ने बताया कि विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए प्राप्त शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है तथा आवश्यक एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं। निगम के लिए ट्रैक्टर, जेसीबी, ट्रॉली सहित आवश्यक मशीनरी खरीदने की प्रक्रिया भी चल रही है।

 

महापौर श्याम लाल बंसल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा 30 जून तक प्रॉपर्टी टैक्स बिना किसी ब्याज (इंटरेस्ट) के जमा कराने की विशेष सुविधा दी गई है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए समय रहते अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें, ताकि अतिरिक्त ब्याज से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा समय पर जमा किया गया टैक्स ही शहर के विकास कार्यों, बेहतर सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेयजल, सीवरेज और अन्य जनसुविधाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रॉपर्टी टैक्स अवश्य जमा करे

इस अवसर पर पार्षद दीपक गर्ग, परमजीत कौर, अनुराधा पुरी, जय कौशिक, सुरेश वर्मा, प्रियंका, अजय कुंडलस, राजकुमार जैन, हरिंदर मलिक, राजेश गोयल, भारत हितेशी, निर्मल देवी,पूजा राकेश जगोता सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे। सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं, विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। महापौर श्याम लाल बंसल ने सभी सुझावों पर गंभीरता से अमल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि नगर निगम पूरे पंचकूला में समान रूप से विकास कार्य कराकर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *