विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़
पंचकूला, 2 जुलाई ।
हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने वीरवार को शीश महल में मतदाता सूची से संबंधित चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर बरवाला मंडल की एक विशेष बैठक की। बैठक में शक्ति केंद्र प्रमुख, बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष, पालक, सरपंच, पूर्व सरपंच सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में तेजी लाने की विस्तार से समीक्षा कर सभी का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अभियान की गति अभी अपेक्षाकृत धीमी है, इसलिए सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और अभियान में तेजी लाएं। उन्होंने आगे कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। इसलिए सभी कार्यकर्ता व आम नागरिकों को एसआईआर के महत्व को सरल और सहज भाषा में समझाएं, ताकि किसी प्रकार की भ्रांति न रहे। उन्होंने कहा कि लोगों को यह भी बताया जाए कि एसआईआर का फॉर्म ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन, दोनों माध्यमों से आसानी से भरा जा सकता है। कार्यकर्ता स्वयं लोगों की सहायता करें और उन्हें पूरी प्रक्रिया सरल तरीके से समझाकर जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि आगामी तीन दिनों के बाद शक्ति केंद्र प्रमुखों के साथ पुनः बैठक की जाएगी जिसमे कार्य की दोबारा समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि आने वाले आठ दिनों के भीतर इस अभियान को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ पूर्ण करें।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र संधू, महामंत्री राहुल राणा, चेयरमैन देशराज पोसवाल, पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम राणा, पार्षद मनीषा रानी, बहादुर सैनी, रविंद्र गोयल, नरेश तिब्बी, ओम प्रकाश शास्त्री, सोमनाथ शर्मा, रामलाल, सुभाष धीमान सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
