लैंड पूलिंग पॉलिसी – ‘झूठे बदलाव’ की सरकार पंजाब के किसानों को उजाड़ने पर आमादा: ढिल्लों

 

अनिरुद्ध मिश्रा /रमोला न्यूज़

चंडीगढ़, 2 जुलाई

केवल सिंह ढिल्लों ने ‘आप’ सरकार द्वारा दोबारा लाई जा रही लैंड पूलिंग पॉलिसी का तीखा विरोध करते हुए इसे सीधे तौर पर किसान विरोधी करार दिया है। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की यह ‘झूठे बदलाव’ वाली सरकार वास्तव में दिल्ली के इशारों और वहां के रिमोट कंट्रोल पर चल रही है, जिसका उद्देश्य पंजाब का विकास नहीं बल्कि यहां के किसानों की जमीनें हड़पना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि सरकार यह बताए कि क्या कभी कमर्शियल या रिहायशी प्लॉटों से घर चलते हैं? जमीन किसानों की रोज़ी-रोटी का एकमात्र साधन है। ये प्लॉट किसानों के परिवारों को खाने के लिए रोटी नहीं दे सकते।

उन्होंने कहा कि जब सरकार पिछले वर्ष यही पॉलिसी लेकर आई थी, तब भी पंजाब के किसानों ने इसका डटकर विरोध किया था। यह कोई विकास की नीति नहीं, बल्कि अरविंद केजरीवाल एंड पार्टी की पंजाब को लूटने और किसानों को उजाड़कर उनकी जमीनों पर कब्जा करने की एक सोची-समझी साजिश है।

ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि 2022 की तरह यह ‘झाड़ू वाली सरकार’ एक बार फिर किसानों को झूठे सपने दिखाने लगी है। लेकिन सरकार यह भूल जाए कि अब पंजाब के लोग इनके झांसे में आने वाले नहीं हैं।

दिल्ली से हारे हुए घोटालेबाज इन नीतियों का मसौदा तैयार कर रहे हैं, जिनका एकमात्र जोर पंजाब के संसाधनों को लूटने पर लगा हुआ है।

ढिल्लों ने स्पष्ट और दो-टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा पंजाब के किसानों के अधिकारों के लिए चट्टान की तरह मजबूती से खड़ी है। यह लैंड पूलिंग पॉलिसी किसानों और पूरे पंजाब का केवल नुकसान ही करेगी। हम इस किसान विरोधी नीति को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार को अपना यह फैसला बदलना ही पड़ेगा और पॉलिसी रद्द करनी होगी। ‘आप’ सरकार एक बार फिर यू-टर्न लेने के लिए तैयार रहे, क्योंकि पंजाब के किसान अब इन झूठे क्रांतिकारियों से और धोखा बर्दाश्त नहीं करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *