तिलक चंद रमोला नौगांव: नौगांव विकासखंड के मुंगरसंति क्षेत्र के आराध्य देव धयेश्वर नाग महाराज के दारसों थात सामूहिक मेले में शुक्रवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-दमाऊं की गूंज, देव जयकारों और लोक संस्कृति की छटा के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने देव डोली एवं देव मूर्तियों के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
धयेश्वर नाग महाराज बृहस्पतिवार को शुभ मुहूर्त में दारसों थान के गर्भगृह से बाहर निकले और क्षेत्र भ्रमण पर रवाना हुए। शुक्रवार को देव डोली कफनौल एवं ठोलिंका गांव से होते हुए भव्य शोभायात्रा के रूप में दारसों थात पहुंची। मार्गभर श्रद्धालुओं ने देवता का स्वागत किया तथा जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मेला स्थल पर श्रद्धालुओं ने श्रीफल, चुनरी और हरियाली अर्पित कर देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान देव माली रामप्रकाश थपलियाल पर देवता अवतरित हुए और उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किए। मेले में पारंपरिक लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं का भव्य प्रदर्शन किया।
मंदिर समिति अध्यक्ष सूरत सिंह पंवार, तथा अरविंद थपलियाल ने बताया कि दारसों थात मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का प्रमुख आयोजन है, जिसमें दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष चन्द्रमोहन सिंह पंवार, सचिव सुभाष चन्द्र थपलियाल, प्रितिराम नौटियाल, धनीराम थपलियाल, सीताराम उनियाल, आशाराम थपलियाल, मालचंद राणा, विजय प्रकाश, धर्मानन्द नौटियाल, दयाराम थपलियाल, मनोज नौटियाल, सुमन प्रसाद बड़ोनी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नैन सिंह राणा, प्रधान मोनिका नौटियाल, चन्द्रशेखर पंवार, सोवेन्द्र सिंह रावत, रामचन्द्र रमोला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, माली-पुजारी एवं मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।
