रमोला न्यूज नौगांव : सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार, नौगांव में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उद्यान, कृषि, पशुपालन, बाल विकास, डेयरी, मत्स्य, पंचायत राज, होम्योपैथिक समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल तथा राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप पंवार मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना, सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा शासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
शिविर के दौरान बाल विकास विभाग की ओर से लाभार्थी निधि और मनकुमारी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, किसानों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
एप्पल कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा ‘लखपति दीदी’ बनने पर पूनम बंधानी और कांता नौटियाल, जूट एवं कैरी बैग निर्माण में उर्मिला बंधानी और साधना नौटियाल, सब्जी उत्पादन में केदारी राणा और सुनीता रावत, बागवानी में पुष्पा जगोड़ी, मशरूम उत्पादन में रमिता तथा मत्स्य पालन में नीमा नौटियाल को सम्मानित किया गया। कृषि विभाग की ओर से उत्कृष्ट कार्य के लिए मुराड़ी गांव की राजकुमारी, सबल सिंह, मस्सू की सरोज विष्ट, खमुंडी मल्ली की नीमा, पिफियारा की मोनिका तथा भाटिया की गीता को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर में पंचायत राज, बाल विकास, होम्योपैथिक, पशुपालन, कृषि, उद्यान तथा नौगांव बहुउद्देशीय सहकारी समिति सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल रहे,
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख सीमा चौहान, प्रधान संगठन अध्यक्ष त्रेपन रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमीता परमार, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी एवं नोडल अधिकारी एस.एस. वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रताप चौहान, तहसीलदार रेनू सैनी, खंड विकास अधिकारी बिजेंद्र रावत, दलवीर असवाल, चंडी प्रसाद, कमला राणा, कांता नौटियाल, पूनम नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
