अनिरुद्ध मिश्रा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़ /जालंधर, 17 जुलाई
पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी पंजाब खाली हाथ नहीं आते, बल्कि हर बार विकास की सौगात लेकर आते हैं। आज भी उन्होंने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया है। इसके लिए मैं पूरे पंजाब की ओर से उनका धन्यवाद करता हूं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जालंधर यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
केवल सिंह ढिल्लों ने यूरोपीय देशों के साथ हुए व्यापार समझौते में गेहूं और दूध को समझौते से बाहर रखकर किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। जब ढिल्लों यह बात कह रहे थे, तब किसानों के प्रतीक हरे रंग की पगड़ी पहने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुस्कुरा रहे थे। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों के साथ हुए इस व्यापार समझौते से पंजाब को बड़ा लाभ होगा। लुधियाना की होजरी और साइकिल उद्योग, जालंधर का खेल एवं चमड़ा उद्योग, बटाला की मशीनरी तथा पंजाब के किसानों का बासमती चावल, फल और सब्जियां बिना किसी टैरिफ के 27 यूरोपीय देशों में निर्यात की जा सकेंगी।
केवल सिंह ढिल्लों ने आगे कहा कि पंजाब के किसानों को गेहूं और धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का काम मोदी सरकार ही कर रही है। कांग्रेस सरकार के समय किसानों के लिए एमएसपी में केवल 10-15 रुपये की बढ़ोतरी होती थी, जबकि मोदी सरकार के कार्यकाल में किसानों की मांग किए बिना ही एमएसपी में उल्लेखनीय वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान के पुत्र हैं और किसानों की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। जब तक पंजाब का किसान समृद्ध नहीं होगा, तब तक पंजाब भी समृद्ध राज्य नहीं बन सकता। किसानों को समृद्ध बनाने का कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है।
ढिल्लों ने कहा कि आज दुनिया के कई बड़े देश आर्थिक मंदी से जूझ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना भी शीघ्र साकार होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत में मोबाइल निर्माण की केवल दो इकाइयां थीं, जबकि आज मोदी सरकार ने उनकी संख्या बढ़ाकर लगभग 300 कर दी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब में महाराजा रणजीत सिंह की सरकार-ए-खालसा जैसी सरकार बनाई जाएगी और नशे, गैंगस्टरवाद तथा बेरोजगारी को समाप्त कर पंजाब की आन, बान और शान को बहाल किया जाएगा।
पंजाब की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए ढिल्लों ने कहा कि राज्य लगातार पिछड़ता जा रहा है। नशा, बेरोजगारी और गैंगस्टरवाद ने पंजाब को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इन समस्याओं का एकमात्र समाधान वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाना है।
आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब विकास के मामले में पहले स्थान से फिसलकर 18वें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि उत्तर प्रदेश 20वें स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब को बुरी नजर लग गई है और इसे केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही दूर कर सकते हैं। उन्होंने पंजाब की समस्याओं के समाधान के लिए लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे समय पंजाब आए हैं जब राज्य गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। युवाओं, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों पर संकट मंडरा रहा है और इसके लिए आम आदमी पार्टी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को “झूठा सनातनी” बताया।
कार्यक्रम को पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, मनप्रीत सिंह बादल, महारानी परनीत कौर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, अशोक मित्तल, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भज्जी तथा राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू ने भी संबोधित किया।
