अनिरुद्ध मिश्रा/ रमोला न्यूज़
चंडीगढ़: मोहाली नगर निगम वार्ड नंबर 30 (सेक्टर 78 एवं 79) से भारतीय जनता पार्टी के पार्षद उम्मीदवार एडवोकेट जसमिंदर पाल सिंह ने कहा कि वार्ड की जनता अब विकास, जवाबदेही और सक्रिय नेतृत्व चाहती है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वार्ड की कई मूलभूत समस्याएं जैसे सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कें, पार्कों का रखरखाव, स्ट्रीट लाइट और सीवर व्यवस्था पूरी तरह हल नहीं हो पाई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एडवोकेट जसमिंदर पाल सिंह ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना ही जनप्रतिनिधि का असली कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वार्ड नंबर 30 को एक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित मॉडल वार्ड बनाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विकासवादी सोच और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और उसी विकास की सोच को मोहाली के वार्ड स्तर तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है।
उन्होंने वार्डवासियों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल राजनीति का नहीं बल्कि वार्ड के बेहतर भविष्य का चुनाव है।
