पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘एट होम’ समारोह का आयोजन किया

 

रिपोर्ट  : अनिरुद्ध मिश्रा

चंडीगढ़, 15 अगस्त: पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ के लॉन में पारंपरिक ‘एट होम’ समारोह का आयोजन किया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया, जिनमें संवैधानिक प्राधिकारी, निर्वाचित प्रतिनिधि, नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सशस्त्र बलों के अधिकारी, शिक्षाविद, कुलपति, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष, चिकित्सक, पत्रकार, उद्योगपति तथा अन्य प्रतिष्ठित नागरिक शामिल थे।
राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया शाम 5:00 बजे समारोह स्थल पर पहुंचे, जहां पुलिस बैंड द्वारा उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ का वादन किया गया और तत्पश्चात राष्ट्रगान हुआ।
राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पंजाब लोक भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनसे मुलाकात कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष; पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान; हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी; पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष स. कुलतार सिंह संधवां; हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण; सांसद श्री मनीष तिवारी तथा सांसद स. सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों में पंजाब के मुख्य सचिव श्री के. ए. पी. सिन्हा; यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद; पंजाब के राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री विवेक प्रताप सिंह तथा पंजाब के पुलिस महानिदेशक श्री गौरव यादव उपस्थित रहे।
सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष, चिकित्सक, पत्रकार, उद्योगपति, पंजाब एवं चंडीगढ़ के नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य प्रतिष्ठित नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे।
‘एट होम’ समारोह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय एकता, सौहार्द और भाईचारे की भावना के साथ एकजुट होकर देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *