प्रीति कंबोज /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़, 22 अगस्त। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने प्रदेश में कई दिनों से सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल का समर्थन करते हुए उनकी सभी मांगों को जायज बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की सफाई कर्मचारियों के साथ की गई वादा खिलाफ किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दिग्विजय ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, पक्की भर्तियां, समान काम के लिए समान वेतन सहित अन्य सभी मांगों को सफाई कर्मचारियों के हक में तुरंत पूरा किया जाया। शनिवार को भिवानी में सफाई कर्मचारी यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल दिग्विजय चौटाला से मिला।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा करके सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार से आज कर्मचारी वर्ग खासा परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार कभी अस्थायी कर्मचारियों की भर्ती करने की धमकी देकर तो कभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन देने के बावजूद उन्हें लागू न करके बार-बार सफाई कर्मचारियों को हड़ताल करने के लिए मजबूर कर रही है, जो कि सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छता अभियान के लिए अहम कड़ी है और उनके हड़ताल पर जाने से आज शहरों में सड़कों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए है। शहरों में सफाई नहीं होने से बीमारियां फैल रही है और आमजन खासा परेशान है, लेकिन बेपरवाह भाजपा सरकार को कोई परवाह नहीं है। दिग्विजय ने कहा कि सरकार को अपनी हठ धार्मिकता छोड़कर तुरंत सफाई कर्मचारियों के हित में उनकी सभी मांगों को पूरा करना चाहिए। इस दौरान दिग्विजय चौटाला ने सफाई कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि जेजेपी शुरू से कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करती आ रही है और पार्टी कार्यकर्ता धरना स्थलों पर भी जाकर सफाई कर्मचारियों के साथ उनकी आवाज बुलंद कर रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार से सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा करवाकर ही दम लेंगे।

