परवाणू को एनएच-05 से दोनों ओर से मिलेगी कनेक्टिविटी, वर्षों पुरानी मांग पूरी, लिंक रोड के लिए शुरू हुआ निर्माण कार्य

 

हेमंत कुमार/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो

परवाणू 1 सितंबर

परवाणू की वर्षों पुरानी एनएच-05 कनेक्टिविटी की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। अब परवाणू को नेशनल हाईवे-05 की दोनों लेन से कनेक्टिविटी मिलेगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने दोनों तरफ लिंक रोड बनाने को मंजूरी दे दी है और अच्छी बात यह है कि लिंक रोड के निर्माण का काम भी शुरू हो चुका है। यह फैसला परवाणू के लोगों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी बड़ी राहत माना जा रहा है। लिंक रोड बनने से आसपास की करीब 16 पंचायतों के लोगों है। को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, कामली खड़ीन सहित परवाणू के उद्योगों को हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से माल ढुलाई और आवागमन आसान होगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

खास बात यह है कि बीते रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का काफिला रोककर कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने परवाणू की इस पुरानी समस्या को उनके सामने रखा था। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया था कि एनएच-05 से पर्याप्त कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों और उद्योगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मामला तेजी से आगे बढ़ा और महज दो दिन में एनएचएआई से दोनों तरफ लिंक रोड की मंजूरी मिल गई। इसके बाद निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से परवाणू में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग विधायक विनोद सुल्तानपुरी के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।

बता दे की लिंक रोड बनने के बाद परवाणू केआसपास की करीब 16 पंचायतों के लोगों को हाईवे तक पहुंचने के लिए बेहतर और सीधा मार्ग मिलेगा। इससे दैनिक आवागमन सुगम होने के साथ समय और दूरी की भी बचत होगी। औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी इसे बड़ा निर्णय माना जा रहा है। परवाणू में बड़ी संख्या में उद्योग संचालित हैं और रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। बेहतर हाईवे कनेक्टिविटी मिलने से उद्योगों को कच्चा माल लाने और तैयार माल बाहर भेजने में सुविधा होगी। इससे परवाणू की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

परवाणू कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत कपूर ने इसे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक विनोद सुल्तानपुरी के प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश और विधायक की सक्रियता के चलते परवाणू की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान निकला है। इससे विधायक की कार्यक्षमता सामने आई है

परवाणू इंडस्ट्री एसोसिएशन ने भी राज्य सरकार के प्रयासों व एनएचएआई के इस फैसले का स्वागत किया है। एसोसिएशन के महासचिव सार्थक तनेजा ने कहा कि परवाणू उद्योग संघ लंबे समय से इस कनेक्टिविटी की मांग करता आ रहा था। अब यह मांग पूरी होने से उद्योगों के साथ पूरे परवाणू की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कामली खड़ीन क्षेत्र के उद्योगों के लिए यह बड़ी राहत है। बेहतर कनेक्टिविटी से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और कारोबार को सुगमता मिलेगी।

उधर, एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद यह मामला नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के समक्ष रखा गया था। इसके बाद एनएचएआई ने दोनों ओर लिंक रोड को मंजूरी प्रदान कर दी है। लिंक रोड के निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है। वर्षों से चली आ रही मांग के पूरा होने से परवाणू के लोगों, पंचायतों और उद्योग जगत को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *