स्वस्थ जीवन का आधार योग और संतुलित दिनचर्या : जीआईसी कण्डारी में विद्यार्थियों को दी आयुर्वेद की जानकारी

 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो

 नौगांव : आयुर्वेदिक दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में विद्यार्थियों को भारतीय चिकित्सा परंपरा, योग और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कण्डारी की ओर से चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधांशु कपिल के नेतृत्व में किया गया।

योग अनुदेशक राजमोहन सिंह रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए केवल बीमारी का उपचार ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन में अनुशासन, संतुलित भोजन, योग, प्राणायाम और ध्यान को स्थान देना भी आवश्यक है। उन्होंने भोजन के सही समय, उचित मात्रा और पानी पीने की स्वस्थ आदतों की जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग अनुदेशक ने विद्यार्थियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधांशु कपिल ने आयुर्वेद में दैनिक जीवन में प्रयुक्त होने वाली घरेलू औषधीय सामग्री के महत्व पर जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय रसोई और पारंपरिक स्वास्थ्य ज्ञान के बीच संबंध से परिचित कराया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य इन्दर सिंह नेगी ने आयोजन के लिए राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कण्डारी की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने वाले कार्यक्रम उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में फार्मेसिस्ट अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, बहुद्देशीयकर्मी राजेंद्र पंवार तथा विद्यालय परिवार के दीपिका जैन, अनीता नौटियाल, कुसुम रावत, राजेश, अनिल प्रसाद बहुगुणा, राजेश शोकटा, श्रीप्रकाश नौटियाल, सुरक्षा रावत सहित शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *