रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़ ,26 सितम्बर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। इसलिए पंजाब के लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होना चाहिए ताकि पंजाब को नशामुक्त बनाने के साथ साथ आर्थिक रूप से भी सशक्त बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी संत कबीर कुटीर में नवांशहर से आए जन प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने टैम्पो यूनियन के प्रधान कमलजीत राणा की टीम को पार्टी का प्रतीक पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया ओर पार्टी के परिवार शामिल होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की गलत नीतियों के कारण ही आज पंजाब पीछे हो गया है। आम आदमी की सरकार कांग्रेस से भी ज्यादा भ्रष्टाचारी निकली है। इस सरकार ने पंजाब सूबे को बर्बाद करने का काम किया है। इसलिए अब सूबे की जनता ने पंजाब में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने और एक मजबूत एवं विकसित प्रदेश बनाने का दृढ निश्चय कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप व कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने, भ्रष्टाचार व नशा मुक्त शासन, किसानों की खुशहाली वादा किया था, लेकिन अब इन खोखले वादो से जनता परेशान हो चुकी है। अब पंजाब की जनता ने बदलाव लाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने गलत नीतियों के कारण कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाया। अब आम आदमी की सरकार को भी बाहर का रास्ता दिखाएगी।
आप सरकार ने शहीद भगत सिंह का नाम लेकर भी झूठ बोला
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप के मुखिया केजरीवाल ने ईमानदारी और 20 लाख युवाओं को रोजगार देने के साथ ही शहीद भगत सिंह का नारा दिया। जिससे लोग उनके बहकावे में आ गए। उसने भी पंजाब की जनता के साथ बड़ा धोखा किया है। सरदार भगत सिंह ने यह सोचकर कुर्बानी दी थी, कि हमारी आने वाली पीढियां खुली हवा में सांस लेकर सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें। आप सरकार ने उनका भी अपमान करने का काम किया। पंजाब की जनता से इन्हें माफी मांगनी चाहिए कि शहीद भगत सिंह का नाम लेकर झूठ बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह आम आदमी नहीं है, वह खास आदमी है जिसे युवाओं की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदेश नहीं, बल्कि संस्कृति, सोच का जज्बा है और देश का नम्बर एक का सूबा रहा है। यह गुरुओं, पीरों, शहीदों और वीरों की पवित्र भूमि है। यहां के लोग बड़े मेहनती हैं और आपसी प्यार व स्नेह के साथ जीवन व्यतीत करते हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता ने उन्हें 5 साल का समय दिया। इस कार्यकाल में बेहतर कार्य कर जनता की सेवा करनी चाहिए थी। लेकिन आप व कांग्रेस सरकार ने केवल पंजाब व यहां के भोले लोगों को लूटने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा में किये गए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में बीजेपी सरकार ने बिना पर्ची बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार देकर मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनते ही हरियाणा की तर्ज पर विकास कार्य होंगे और सभी जनकल्याणकारी नीतियां को हूबहू क्रियांवित कर लोगों को लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने डंकी रूट के माध्यम से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर शिंकजा कसते हुए कानून बनाया है। अगर कोई ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं, ऐसे एजेंटस के सेंटर को सील तक करने का काम सरकार करेगी। युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के लिए विदेश सेवा विभाग बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह विभाग युवाओं के लिए विदेशों से वैकेंसी लेकर आते हैं। इसके बाद युवाओं का चयन कर विदेशों में भेजा जाता है।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जहां भी प्रचार के लिए गए हैं, वहां पार्टी संगठन मजबूत हुआ है और सरकार बनाकर आए हैं। इससे पहले महाराष्ट्र, दिल्ली, आसाम में गए वहां भी भाजपा सरकार बनी। उन्होंने कहा कि अब पंजाब का दौरा कर रहे हैं, यहां भी भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। इससे स्पष्ट लगता है कि पंजाब में बदलाव का समय आ गया है।
श्री गंगवा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में वर्तमान सरकार ने जनता से किए वादे पूरे किए करने का काम किया हैं। पंजाब में भी सरकार बनते ही पहले दिन से बेहतर कार्य किए जाएगे और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के साथ ही आर्थिक रूप से भी सशक्त एवं खुशहाल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर नवांशहर जिला प्रभारी जितेन्द्र अटवाल, कपूर सिंह, कपिल कुणाल, अशोक बलौचा, दलीप सिंह, जावेद, बलविन्द्र, गौरवा गाबा, यादवेन्द्र, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीबी भारती, राकेश संधु, विदेश सेवा सलाहाकार पवन चौधरी सहित पंजाब के गणमान्य मौजूद रहे।

