सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबेडकर भवन कालका में सेवा सेतु शिविर का दूसरा दिन, 300 लाभार्थियों का पंजीकरण

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )

कालका 26सितंबर

सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को अंबेडकर भवन कालका में सेवा सेतु अभियान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों से मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई भी की गई।

*300 लाभार्थियों का सफल पंजीकरण*

शिविर के दूसरे दिन वैध फैमिली आईडी वाले पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में कुल 300 लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।

*विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल*

शिविर में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन कार्यालय, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग, हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम, हरियाणा पिछड़े वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, उद्यान विभाग, जिला रोजगार कार्यालय, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय, जिला मत्स्य अधिकारी कार्यालय, जिला कल्याण विभाग, अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास विभाग, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी तथा जिला बाल कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।

इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को संबंधित विभागों की योजनाओं, पात्रता शर्तों तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी मौके पर पूरी की गई।

*सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना उद्देश्य*

सेवा सेतु अभियान शिविरों का उद्देश्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक प्रभावी, पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाना है, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न सरकारी कार्यालयों में बार-बार ना आना पड़े।

पंचकूला जिले के सभी खंडों, नगर निगम तथा नगर परिषद क्षेत्रों में 13 अक्टूबर, 2026 तक सेवा सेतु अभियान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *