आंचल डेयरी से जुड़कर रोजाना कमा रहीं 672 रुपये, उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक के रूप में सम्मानित

 

तिलक चंद रमोला नौगांव : पुरोला विकासखंड के कंडियाल गांव निवासी मंजू देवी ने पशुपालन को स्वरोजगार का जरिया बनाकर अपनी आर्थिकी को मजबूत किया है। आंचल दुग्ध डेयरी से जुड़कर वह नियमित रूप से दूध का उत्पादन कर रही हैं। बेहतर दुग्ध उत्पादन और समर्पण के लिए उन्हें एक सप्ताह पूर्व चिन्यालीसौड़ में आयोजित सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में जनपद के उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश भट्ट एवं दुग्ध संघ प्रबंधक संतोष कुमार ने मंजू देवी को उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन के लिए 10 हजार रुपये का चेक और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

मंजू देवी बताती हैं कि उनके पास एचएफ नस्ल की दो गायें हैं। दोनों गायों से उन्हें प्रतिदिन करीब 16 लीटर दूध प्राप्त होता है। वह दूध को आंचल डेयरी के माध्यम से करीब 42 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचती हैं। इससे उन्हें प्रतिदिन करीब 672 रुपये की आय हो रही है, जबकि महीने में यह आमदनी लगभग 20 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। नियमित आय से परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ है।

मंजू देवी का कहना है कि पशुपालन को व्यवस्थित तरीके से अपनाकर ग्रामीण महिलाएं घर पर रहकर भी अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकती हैं। दुग्ध उत्पादन से उन्हें परिवार की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

आंचल दुग्ध डेयरी यमुना घाटी के प्रभारी पृथ्वीपाल सिंह ने मंजू देवी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका प्रयास अन्य ग्रामीण पशुपालकों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य लोगों को भी दुग्ध उत्पादन से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के लिए आगे आना चाहिए।

मंजू देवी की उपलब्धि से कंडियाल गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि पशुपालन के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को भी बेहतर बना सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *