स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ कालका के संकल्प के साथ ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को आगे बढ़ाया

 

कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
कालका, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को कालका के गांधी चौक से स्वच्छता अभियान एवं प्लॉग रन (Plog Run) का आयोजन किया गया। कालका विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी ने अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत कालका और पिंजौर सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहले भी स्वच्छता अभियान चलाए जा चुके हैं। इसी क्रम में गांधी चौक से आयोजित प्लॉग रन के माध्यम से स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। प्लॉग रन के दौरान लोगों ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेते हुए सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संकल्प लिया।

इसके बाद HAFED कार्यालय के पीछे, सेक्टर-5, पंचकूला में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में भी विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेते हुए लोगों को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक किया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर से शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से कालका विधानसभा क्षेत्र में लगातार स्वच्छता गतिविधियां की जा रही हैं। स्वच्छता को केवल किसी एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित गतिविधि और जनभागीदारी का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है। घर से निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाना और सफाई व्यवस्था में सहयोग करना ऐसे छोटे कदम हैं, जिनसे बड़े स्तर पर बदलाव लाया जा सकता है।

विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी ने कहा, “अब कालका विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने मन बना लिया है कि हमें अपने कालका को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। इसके लिए मैं क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करती हूं। जो कूड़ा जहां जाना चाहिए, उसे वहीं पहुंचाएं। विशेष रूप से दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण करने वाले कर्मचारियों को सौंपें। हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि न गंदगी फैलाएंगे और न फैलाने देंगे।”

उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे के उचित निस्तारण में सहयोग करे, तो स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है।

अभियान के दौरान स्वच्छता, जनभागीदारी और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *