एनएसए स्वयंसेवकों ने वरिष्ठ नागरिकों को किया डिजिटल रूप से जागरूक

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
 कालका, 2अक्तूबर
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कालका की एनएसएस इकाइयों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें डिजिटल रूप से सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बनाना था।

इस अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया और उन्हें मोबाइल फोन, डिजिटल भुगतान तथा विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं के सुरक्षित उपयोग के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने विशेष रूप से डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।

वरिष्ठ नागरिकों को फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी केवाईसी संदेश तथा ऑनलाइन ठगी के अन्य तरीकों से सावधान रहने की जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें ओटीपी , एटीएम पिन , पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह के मार्गदर्शन में तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. आशीष एवं सुश्री सविता की सक्रिय सहभागिता से आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने वरिष्ठ नागरिकों की डिजिटल संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस पहल के माध्यम से एनएसएस इकाइयों ने डिजिटल समावेशन, साइबर जागरूकता और सामुदायिक सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *