खेलते-खेलते घर से बाजार पहुंचा 3 वर्षीय मासूम, पंचकूला पुलिस की तत्परता से 2 घंटे में परिवार से मिला

 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला 3अक्टूबर:-पंचकूला पुलिस ने अपनी मुस्तैदी, त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे को गुम होने के मात्र दो घंटे के भीतर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। स्थानीय निवासियों और बच्चे के माता-पिता ने पंचकूला पुलिस की इस कार्यप्रणाली और तत्परता की सराहना की है।

घटनाक्रम के अनुसार, आज पंचकूला के बरवाला क्षेत्र से सुबह करीब 11 बजे एक 3 वर्षीय बच्चा घर के पास अकेले खेलते-खेलते भटककर नजदीकी मुख्य बाजार में जा पहुंचा। इस दौरान बच्चे के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे और घर पर मौजूद दादा-दादी को लगा कि बच्चा भी अपने माता-पिता के साथ ही गया है। इसी गफलत और गलतफहमी के कारण मासूम अकेला ही भीड़भाड़ वाले बाजार की ओर निकल गया।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही पुलिस को अकेले घूम रहे बच्चे के संबंध में सूचना प्राप्त हुई, बिना एक पल गंवाए ईआरवी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम द्वारा बच्चे को सुरक्षित बरवाला चौकी में लाया गया और प्यार से संभालते हुए उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाना शुरू किया। बरवाला पुलिस चौकी और ईआरवी टीम के प्रयासों के चलते महज 2 घंटे के भीतर परिजनों की पहचान कर ली गई और बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने पंचकूला जिले के सभी अभिभावकों को विशेष हिदायत और अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे अपनी सुरक्षा से पूरी तरह अनजान होते हैं और अक्सर खेलते-खेलते सड़कों या भीड़भाड़ वाले इलाकों में निकल जाते हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे घर पर बच्चों पर लगातार नजर रखें। ऐसे में बच्चे किसी तेज रफ्तार वाहन दुर्घटना या अन्य अनहोनी के खतरे में पड़ सकते है। बच्चों की सुरक्षा केवल सतर्कता से ही संभव है, इसलिए हर अभिभावक जिम्मेदारी से ध्यान रखे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *