बुर्जकोटियां के नदी क्षेत्र में अवैध माइनिंग पर पंचकूला पुलिस का शिकंजा, पुलिस को देखकर भागे 2

 

 

कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला/ 03 अक्टूबर :– जिले में अवैध माइनिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अमरावती चौकी टीम ने फिर से बुर्जकोटियां के पास नदी क्षेत्र में अवैध माइनिंग में संलिप्त 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार अमरावती चौकी की पुलिस टीम 02 अक्टूबर की दोपहर चेकिंग के दौरान बुर्जकोटियां के पास नदी क्षेत्र में पहुंची। वहां 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से खनन करते हुए पाए गए। चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की तो पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी से पीछा करते हुए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को काबू कर लिया।

जांच के दौरान दोनों वाहनों के चालकों से वाहनों एवं खनन सामग्री से संबंधित वैध बिल तथा टैक्स संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अमरावती चौकी में खड़ा करवाया गया। इसके बाद माइनिंग विभाग को सूचना देकर दोनों वाहनों को इंपाउंड करवाया गया तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध माइनिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध माइनिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के साथ-साथ पुलिस टीमों द्वारा फील्ड में भी लगातार गश्त एवं चेकिंग की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पंचकूला पुलिस की आमजन से अपील: यदि किसी व्यक्ति को जिले में कहीं भी अवैध माइनिंग अथवा इससे जुड़ी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें। सूचना मिलने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *