कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
अंबाला : पुलिस अधीक्षक अंबाला, श्री अजीत सिंह शेखावत (IPS) के नेतृत्व में अंबाला पुलिस द्वारा अक्टूबर माह को “राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में अंबाला साइबर क्राइम पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक फकीर चंद, मुख्य सिपाही नवदीप तथा साइबर एक्सपर्ट बबीत कौशल द्वारा आज अंबाला शहर के एस ए जैन कॉलेज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान की मुख्य थीम,
“STOP – THINK – TAKE ACTION” के तहत विद्यार्थियों और स्टाफ को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के मुख्य बिंदु,
थीम – स्टॉप, थिंक, टेक एक्शन: किसी भी अनजान कॉल, लिंक या पेमेंट रिक्वेस्ट पर तुरंत भरोसा करने से पहले रुकें, सोचें और उसकी सत्यता की जाँच करें।
गोल्डन ऑवर का महत्व,
साइबर ठगी होने पर शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ठगी का शिकार होने पर बिना किसी डर या झिझक के तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, जिससे ठगी गई रकम को होल्ड करवाकर रिकवर करने की संभावना बढ़ जाती है।
साक्ष्यों को सुरक्षित रखना,
फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने के साथ-साथ चैट के स्क्रीनशॉट, ट्रांजेक्शन आईडी, बैंक स्टेटमेंट और संदिग्ध नंबर जैसे सबूत सुरक्षित रखें।
सतर्कता ही बचाव है,
किसी के साथ भी अपना ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक विवरण साझा न करें। अनजान लिंक्स पर क्लिक न करें और किसी के कहने पर कोई रिमोट एक्सेस या एपीके फाइल (APK) इंस्टॉल न करें।
इस प्रभावी और ज्ञानवर्धक सत्र के लिए कॉलेज प्रबंधन एवं स्टाफ ने अंबाला साइबर पुलिस टीम का धन्यवाद किया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया। अंबाला पुलिस का यह अभियान पूरे अक्टूबर माह के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जारी रहेगा।
—————————-
अम्बाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर में ‘सोने की ईंट’ दबी होने का झांसा देकर 14.60 लाख ठगने वाले गिरोह का तीसरा मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद,
अंबाला : अम्बाला पुलिस द्वारा जिले में अपराधों की रोकथाम और आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शहजादपुर पुलिस ने एक शातिर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस गिरोह ने एक सुनियोजित साजिश के तहत पीड़ित के घर में सोने-चांदी की ईंटें दबी होने का झूठा झांसा देकर 14 लाख 60 हजार रुपये की ठगी की थी।
मामले का विवरण,
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता अजय (निवासी गाँव पतरेहड़ी, जिला अम्बाला) ने 19 मार्च 2026 को थाना शहजादपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, 13 अगस्त 2025 से 23 अगस्त 2025 के बीच आरोपी अब्दुल वाजिद और उसके अन्य साथियों ने आपस में मिलीभगत कर एक गहरी साजिश रची। आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ पीड़ित को यह विश्वास दिलाया कि उसके घर में सोने और चांदी की ईंटें दबी हुई हैं, और इस झांसे में लेकर उससे धोखे से 14,60,000/- रुपये की भारी-भरकम रकम हड़प ली।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां,
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना शहजादपुर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की।
पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 25 जून 2026 को इस मामले में संलिप्त आरोपी अब्दुल वाजिद (निवासी डारपुर, थाना छछरौली, जिला यमुनानगर) और एक महिला आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने खुलासा किया था कि इस ठगी के षड्यंत्र में अली अहमद मुख्य रूप से शामिल है।
इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए, 06 अक्तूबर 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी अली अहमद (निवासी गाँव डाहर, जिला यमुनानगर) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई राशि में से 13,500 रुपये की नकदी बरामद कर ली है।
न्यायिक कार्रवाई,
फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे ठगी से जुड़ी अन्य अहम जानकारियाँ जुटाई जा रही हैं। जांच अधिकारी का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और शेष ठगी गई राशि को भी बरामद किया जाएगा।
——————————-
अम्बाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जमीन खरीद-फरोख्त धोखाधड़ी मामले में संलिप्त दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल,
अंबाला : अम्बाला पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम और आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गांव कक्कड़माजरा में धोखाधड़ी से जमीन की रजिस्ट्री करवाने के मामले में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
मामले का विवरण,
शिकायतकर्ता गुरजीत सिंह, निवासी गांव कक्कड़माजरा (थाना शहजादपुर, जिला अम्बाला) ने 15 जून 2026 को थाना शहजादपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 07 अक्टूबर 2024 को आरोपी हरी बाबू, अजैब सिंह और अन्य ने जमीन की खरीद-फरोख्त के दौरान धोखाधड़ी कर अवैध रूप से रजिस्ट्री करवा ली है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना शहजादपुर में मामला दर्ज कर आगामी जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई,
आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार के मार्गदर्शन में, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार और उनकी टीम ने तकनीकी और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरी बाबू – निवासी गांव कक्कड़माजरा, थाना शहजादपुर, जिला अम्बाला तथा अजैब सिंह – निवासी गांव जटवाड़, थाना पंजोखरा साहिब, जिला अम्बाला के रूप में हुई है।
न्यायिक कार्रवाई,
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल मुख्य आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
———————————-
अम्बाला पुलिस का नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार: 13 ग्राम हेरोइन और एक्टिवा सहित आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल,
अंबाला : नशा मुक्त समाज के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए, अम्बाला पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अम्बाला के दिशा-निर्देशों के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 13 ग्राम हेरोइन और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा सहित एक आरोपी को दबोचने में बड़ी सफलता पाई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल सिंह उर्फ नितिन, निवासी गांव सैन माजरा, थाना नारायणगढ़, जिला अम्बाला के रूप में हुई है जिससे 13 ग्राम नशीला पदार्थ हेरोइन और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद की गई है।
कानूनी कार्रवाई,
आरोपी के खिलाफ थाना अम्बाला छावनी में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई,
एएनसी प्रभारी उप निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम (जिसमें पीएसआई कमलजीत सिंह और सहायक उप निरीक्षक सतनाम सिंह शामिल थे) को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना अम्बाला छावनी क्षेत्र में सुभाष पार्क के पास एक संदिग्ध व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए घूम रहा है। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस प्रशासन की आमजन से अपील,
अम्बाला पुलिस का सूचना तंत्र लगातार मजबूत हो रहा है और नशा तस्करों के खिलाफ प्रतिदिन ठोस कार्रवाई की जा रही है।
जनहित में अपील: समाज को नशा मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यदि आपके पास नशा तस्करों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में कोई भी जानकारी है, तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी।
———————————–
हथियार के बल पर बाइक तथा गहने लूटने के मामले में अम्बाला पुलिस को बड़ी सफलता, तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर,
अंबाला : जिला अम्बाला पुलिस द्वारा स्नैचिंग, चोरी और लूटपाट जैसी वारदातों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-नारायणगढ़ की टीम को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गाँव ब्राह्मण माजरा के पास हथियार के बल पर महिला और उसके संबंधी से लूटपाट करने के मामले में संलिप्त तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले का विवरण,
शिकायतकर्ता शुभम (निवासी गाँव खानपुर, थाना रामपुर मनिहारण, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गाँव ब्राह्मण माजरा, थाना मुलाना, अम्बाला) ने 12 सितंबर 2026 को थाना मुलाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 12 सितंबर को गाँव ब्राह्मण माजरा के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें और उनके संबंधी को हथियार के बल पर बंधक बनाकर उनका मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, तथा महिला की कान की सोने की बाली व सोने की नोजपिन लूट ली और मौके से फरार हो गए। इस शिकायत पर थाना मुलाना में मामला दर्ज कर जांच सीआईए-नारायणगढ़ को सौंपी गई थी।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई और गिरफ्तारियां,
सीआईए-नारायणगढ़ के प्रभारी उप निरीक्षक कर्मबीर सिंह के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक कपिल भान और उनकी टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों व तकनीकी मदद के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी रजत बलू (निवासी जिला पटियाला, पंजाब) और 18 सितंबर 2026 को आरोपी देवेन्द्र सिंह उर्फ बब्बु (निवासी साहिबापुर, पटियाला) को गिरफ्तार किया था।
इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए 06 अक्टूबर 2026 को सीआईए टीम ने तीन अन्य मुख्य आरोपियों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
भूपिन्द्र सिंह उर्फ रिंकू (निवासी: चप्पल फैक्ट्री के सामने, रंगे शाह कालोनी, थाना कोतवाली पटियाला, जिला पटियाला, पंजाब),
प्रिन्स (निवासी: फतेहपुर राजपूताना, संगरूर, जिला पटियाला, पंजाब) तथा
लवदीप उर्फ लबु (निवासी: फतेहपुर राजपूताना, संगरूर, जिला पटियाला, पंजाब) के रूप में हुई है।
न्यायिक कार्रवाई और रिमांड,
पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि वारदात में लूटे गए सामान (बाइक, गहने, मोबाइल) और अन्य संभावित साथियों का सुराग लगाया जा सके। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस बाकी पहलुओं पर भी गंभीरता से जांच कर रही है।
——————————–
चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल, चोरीशुदा कुक्कर बरामद
थाना अम्बाला छावनी पुलिस की कार्रवाई
अंबाला : जिला अम्बाला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अम्बाला छावनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र मोची मण्डी में स्थित गोदाम से कुक्कर चोरी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया।
मामले का विवरणः
मामले में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी मुख्य सिपाही सुभाष कुमार ने बतलाया कि शिकायतकर्ता आकाश निवासी मोची मण्डी अम्बाला छावनी ने 06 अक्तूबर 2026 को थाना अम्बाला छावनी में शिकायत दी थी कि 06 अक्तूबर 2026 को आरोपी विक्रम ने उसके गोदाम से कुक्कर चोरी किए है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना अम्बाला छावनी में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।
पुलिस कार्रवाई, गिरफ्तारी व बरामदगी
थाना अम्बाला छावनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम निवासी बाजीगर कालोनी थाना पड़ाव अम्बाला छावनी जिला अम्बाला को गिरफ्तार कर उससे चोरीशुदा कुक्कर बरामद कर लिए है।
न्यायिक कार्रवाईः
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

